Maruti Suzuki Brezza के बेस वेरिएंट को 15,000 रुपये महंगा कर दिया गया है और अब इसमें 6 एयरबैग मिलते हैं
मारुति सुजुकी Brezza अब पहले से महंगी हो गई है और इसकी कीमतें अब 8.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती हैं। LXi ट्रिम की कीमत में 15,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि VXI और ZXI वेरिएंट की कीमत में क्रमशः 5,500 रुपये और 11,500 रुपये की बढ़ोतरी देखी गई है। आपको बता दें कि टॉप-एंड ZXi+ वेरिएंट की कीमतें नहीं बढ़ाई गई हैं। इसे 4 वेरिएंट ऑप्शन- LXi, VXi, ZXi और ZXi Plus में पेश किया जाता है।
कीमतें इसलिए बढ़ाई गई हैं, क्योंकि मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने ब्रेजा में कुछ सेफ्टी फीचर्स जोड़े हैं। ब्रेजा अब जो सबसे बड़ी सुरक्षा सुविधा के साथ आती है वह स्टैंडर्ड 6 एयरबैग है। इसके अलावा, मारुति सुजुकी ने 3 प्वाइंट ईएलआर रियर सेंटर सीटबेल्ट, सामने बैठे लोगों के लिए हाइट एडजस्टेबल सीटबेल्ट, 60:40 स्प्लिट सीट्स, कप होल्डर के साथ रियर सेंटर आर्मरेस्ट और एडजस्टेबल रियर हेडरेस्ट भी जोड़े हैं। ये सुविधाएं अब स्टैंडर्ड रूप में पेश की जाएंगी।
मारुति सुजुकी ब्रेजा को केवल 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाता है, जो 6000 आरपीएम पर लगभग 102 बीएचपी की अधिकतम पावर और 4400 आरपीएम पर 136.8 एनएम का पीक टॉर्क आउटपुट देता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कनवर्टर ऑटोमैटिक शामिल हैं। स्मार्ट हाइब्रिड सिस्टम ब्रेक एनर्जी रीजनरेशन, एक्सिलरेशन के दौरान टॉर्क असिस्ट और स्टार्ट-स्टॉप फंक्शनलिटी को सक्षम बनाता है।

यही इंजन सीएनजी के साथ भी उपलब्ध है। सीएनजी पर चलने पर पावर आउटपुट करीब 86 बीएचपी और टॉर्क 121 एनएम हो जाता है। इसे केवल मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है। कीमतों में वृद्धि के बाद मारुति ब्रेज़ा की कीमत अब 8.69 लाख रुपये से 14.14 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) के बीच है। इसका मुकाबला Tata Nexon, Hyundai Venue, Kia Sonet, महिंद्रा XUV 3XO और अन्य से है।
मारुति ने ब्रेज़ा में 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, बेहतर हैंडलिंग के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, रियर पार्किंग सेंसर, ISOFIX चाइल्ड सीट एंकरेज, रियर डिफॉगर, क्रूज़ कंट्रोल, ऑटोमैटिक हेडलैंप, कीलेस एंट्री, हेड-अप डिस्प्ले, इलेक्ट्रिक सनरूफ और छह-स्पीकर ऑडियो सहित कई फीचर्स दिए हैं।

साथ ही इसमें वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले कनेक्टिविटी के साथ 9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग सुविधा, ऑटोमैटिक वेरिएंट में पैडल शिफ्टर्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर एसी वेंट, मल्टी-फंक्शनल स्टीयरिंग व्हील आदि शामिल हैं।