Maruti Suzuki का खोराज इंडस्ट्रियल एस्टेट में बनने वाला नया प्लांट कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा
मारुति सुजुकी गुजरात में अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। कंपनी ने करीब 10,189 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई है, जिसके तहत खोराज इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक नया प्लांट स्थापित किया जाएगा। यह नया प्लांट कंपनी की गाड़ियों का उत्पादन बढ़ाने और नई गाड़ियों को बनाने में मदद करेगा।
यह प्लांट अलग-अलग चरणों में बनाया जाएगा। पहले चरण में हर साल 2.5 लाख गाड़ियां बनाने की क्षमता जोड़ी जाएगी। बाद में इसे बढ़ाकर सालाना 10 लाख गाड़ियों तक किया जा सकता है। पहले चरण में आगे के विस्तार के लिए जरूरी सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी और इस प्लांट के 2029 के आसपास शुरू होने की उम्मीद है।
फिलहाल, मारुति सुजुकी के गुरुग्राम, मानेसर, खारखोदा और हंसलपुर स्थित प्लांट लगभग पूरी क्षमता पर काम कर रहे हैं। कंपनी की मौजूदा उत्पादन क्षमता करीब 24 लाख यूनिट सालाना है, जिसे गुजरात ऑपरेशंस के साथ जोड़कर लगभग 26 लाख यूनिट तक बढ़ाया जा सकता है। यह विस्तार घरेलू मांग और बढ़ते निर्यात को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

कंपनी के प्रमुख मॉडल जैसे फ्रॉन्क्स, बलेनो, स्विफ्ट, डिजायर और अर्टिगा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार अच्छी बिक्री कर रहे हैं। नया प्लांट हंसलपुर प्लांट के पास होगा, जिससे सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स और पोर्ट कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।इस प्रोजेक्ट से आर्थिक रूप से भी बड़ा असर पड़ेगा। अनुमान है कि इससे 12,000 से ज्यादा प्रत्यक्ष (डायरेक्ट) रोजगार और लगभग 7.5 लाख अप्रत्यक्ष (इनडायरेक्ट) नौकरियां पैदा होंगी।
इसके साथ ही, मारुति सुजुकी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को भी तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी 2032 तक 7 नई SUVs लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिनमें पेट्रोल, CNG/CBG, माइल्ड हाइब्रिड, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और पूरी तरह इलेक्ट्रिक मॉडल शामिल होंगे। भविष्य में आने वाले मॉडल्स में टाटा पंच को टक्कर देने वाली एक कॉम्पैक्ट SUV (संभावित लॉन्च 2028) शामिल हो सकती है, जिसमें EV ऑप्शन भी मिलेगा।

इसके अलावा, सुजुकी स्पेसिया पर आधारित एक कॉम्पैक्ट MPV भी आने की संभावना है। हाल ही में लॉन्च हुई e Vitara के आधार पर एक मिडसाइज इलेक्ट्रिक MPV भी आ सकती है, जबकि eWX कॉन्सेप्ट से एक सस्ती इलेक्ट्रिक कार विकसित की जा सकती है। वहीं, अपडेटेड ब्रेजा जल्द ही नए 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और अंडरबॉडी CNG टैंक के साथ बाजार में उतारी जाएगी।