मारुति सुजुकी ने 2023 में घरेलू बाजार में बेचीं 17 लाख से अधिक कारें

maruti grand vitara-9

मारुति सुजुकी ने जनवरी 2023 से दिसंबर 2023 के बीच कुल मिलाकर 20,66,219 यूनिट की बिक्री की है

भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के दिसंबर 2023 के बिक्री के आंकड़े सामने आ गए हैं। मारुति सुजुकी की पैसेंजर और कमर्शियल दोनों सेगमेंट में कुल घरेलू बिक्री और कुल निर्यात सहित कुल मिलाकर 1,37,551 यूनिट की बिक्री हुई है। दिसंबर 2022 में बेची गई 1,39,347 यूनिट और नवंबर 2023 में बेची गई 1,64,439 यूनिट की तुलना में मारुति सुजुकी की बिक्री में साल-दर-साल और मासिक आधार पर गिरावट दर्ज की गई है।

अप्रैल से दिसंबर के बीच, मारुति ने वित्त वर्ष 2023-24 में 15,51,292 यूनिट की बिक्री की है, जो वित्त वर्ष 2022-23 में बेची गई 14,51,237 यूनिट के मुकाबले 7 फीसदी की वृद्धि है। पिछले महीने मारुति सुजुकी के लिए अग्रणी और निर्णायक सेगमेंट में मिनी कारों की बिक्री में काफी गिरावट देखी गई है। ऑल्टो और एस-प्रेसो को मिलाकर पिछले महीने मिनी सेगमेंट में केवल 2,557 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि दिसंबर 2022 में यह आंकड़ा 9,765 यूनिट का था।

कॉम्पैक्ट सेगमेंट में बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट, टूर एस और वैगनआर शामिल हैं। दिसंबर 2022 में बेची गई 57,502 यूनिट के मुकाबले पिछले महीने इनकी कुल 45,741 यूनिट की बिक्री हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में अप्रैल से दिसंबर के बीच इनकी कुल 6,10,011 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 (अप्रैल से दिसंबर के बीच) में कुल 6,37,459 यूनिट की बिक्री हुई थी। इस तरह 2023 में मिनी और कॉम्पैक्ट सेगमेंट में कुल 9,94,118 यूनिट की बिक्री हुई है।

maruti baleno_
Pic Source: Vaibhav Nande

वहीं मिडसाइज सेडान सियाज़ की कुल मिलाकर 489 यूनिट की बिक्री हुई है, जो दिसंबर 2022 में बेची गई 1,154 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 57 फीसदी की गिरावट है। साल 2023 में सियाज़ की कुल मिलाकर 10,995 यूनिट की बिक्री ही है। मारुति का वर्तमान फोकस उच्च लाभप्रदता वाले यूटिलिटी स्पेस पर है। इसमें ब्रेज़ा, एर्टिगा, फ्रोंक्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, एस-क्रॉस और XL6 शामिल हैं।

यूटिलिटी वाहन सेगमेंट में पिछले महीने कुल मिलाकर 45,957 यूनिट की बिक्री हुई है, जो 2022 में बेची गई 33,008 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 39 फीसदी की वृद्धि है। वित्त वर्ष 2023-24 (अप्रैल से दिसंबर के बीच) इस सेगमेंट में 4,60,588 यूनिट की बिक्री हुई है, जो वित्त वर्ष 2022-23 (अप्रैल से दिसंबर के बीच) में 2,60,172 यूनिट थी। वहीं 2023 में यूटिलिटी वाहनों की कुल मिलाकर 5,66,545 यूनिट की बिक्री हुई। वहीं कंपनी की एकमात्र वैन ईको की 2023 में कुल मिलाकर 1,36,010 यूनिट की बिक्री हुई है।

maruti jimny-6

यदि हम मारुति की कुल घरेलू पीवी बिक्री (अन्य ओईएम को बिक्री को छोड़कर) जोड़ते हैं, तो यह दिसंबर 2023 में 1,04,778 यूनिट और कैलेंडर वर्ष 2023 में 17,07,668 इकाई हो जाती है। जो दिसंबर 2022 में बेची गई 1,12,010 यूनिट के मुकाबले 6 फीसदी की गिरावट है। मारुति सुजुकी कमर्शियल डीलरशिप के तहत बेची गई सुपर कैरी की पिछले महीने 1,714 यूनिट की बिक्री हुई है और साल 2023 में कुल 35,012 यूनिट की बिक्री हुई है।

मारुति ने अन्य ओईएम को 4,175 वाहन बेचे। मारुति सुजुकी की कुल घरेलू बिक्री (पीवी+सीवी+ओईएम) 1,10,667 यूनिट रही, जो दिसंबर 2022 में बेची गई 1,17,551 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 6 फीसदी की गिरावट है। इसके विपरीत मारुति सुजुकी ने निर्यात में सुधार किया है। दिसंबर 2022 में निर्यात की गई 21,796 यूनिट की तुलना में पिछले महीने यह आंकड़ा 26,884 यूनिट का रहा है। साल 2023 के दौरान मारुति ने 2,69,046 यूनिट का निर्यात किया है।