मारुति सुजुकी ने जुलाई 2020 की बिक्री में घरेलू बाजार में करीब 1.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और आने वाले महीनों में इसमें सुधार होने की उम्मीद है
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (Maruti Suzuki India Limited) ने जून 2020 में इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 249 करोड़ के नुकसान की जानकारी दी थी, लेकिन अब देश की यह सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी पटरी पर आ रही है और कंपनी ने जुलाई 2020 में कुल मिलाकर 1,08,064 यूनिट की बिक्री की है।
आकड़ों के मुताबिक मारूति सुजुकी ने जुलाई 2020 में 1,08,064 में से 1,01,307 यूनिट को भारत में बेचा है, जबकि 6757 यूनिट को निर्यात किया है। इस तरह कंपनी ने कुल मिलाकर घरेलू बिक्री में 1.3 प्रतिशत (घरेलू पैसेंजर वाहन और एलसीवी बिक्री में 1.8%) की बिक्री वृद्धि दर्ज की है।
जुलाई 2020 में कंपनी के मिनी सेग्मेंट की कारों की बिक्री में 49 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। मारुति के मिनी सेग्मेंट में ऑल्टो और एस-प्रेसो मॉडल आते हैं और जुलाई के दौरान इस सेग्मेंट में 17,258 गाड़ियों की बिक्री हुई है जबकि पिछले साल 11,577 गाड़ियों की बिक्री हुई थी। लाइट कमर्शियल व्हीकल सुपर कैरी की जुलाई की बिक्री में लगभग 29 प्रतिशत का उछाल आया है और कंपनी ने 2,232 गाड़ियां बेची हैं।

वैगन आर, स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो, डिजायर और टूर एस ने पिछले साल के मुकाबले -10.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 51,529 यूनिट की बिक्री दर्ज की, जबकि सियाज़ की केवल 1,303 यूनिट बिकी। ब्रांड ने टोयोटा को 1,307 यूनिट की आपूर्ति की और एर्टिगा, विटारा ब्रेज़ा और एक्सएल6 की यूवी रेंज में 19,177 यूनिट के साथ 26.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पिछले महीने 8,501 यूनिट मारूति ईको की बिक्री हुई।
साल 2020 में मारुति सुजुकी की बिक्री की बात करें तो पिछले 7 महीने में यानि जनवरी से जुलाई बहुत उतार चढ़ावा वाला रहा। जनवरी के दौरान कंपनी की बिक्री में रिकवरी देखने को मिली थी, जबकि फरवरी में जनवरी के मुकाबले सेल कुछ घटी है। लेकिन मार्च के अंतिम हफ्ते में देश में हैलट क्राइसिस के कारण सब कुछ बंद था जिसका असर मार्च महीने की बिक्री पर दिखा और अप्रैल में तो पूरे महीने ही बंद रहा जिस वजह से कंपनी अप्रैल के दौरान घरेलू मार्केट में एक भी गाड़ी नहीं बेच पायी थी, हालांकि थोड़ा बहुत निर्यात जरूर किया था।

इसके बाद मई में सरकार ने कंपनियों को रियायतें दीं जिसके बाद कंपनी ने मई में कुछ गाड़ियों की बिक्री की, जून में गाड़ियों की बिक्री पटरी पर लौटती हुई नजर आई और अब जुलाई के दौरान मारुति के हालात लगभग सामान्य होने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं और ऑटोमोटिव एक्सपर्ट का मानना है कि आने वाले दिनों में इसमें और भी रफ्तार आएगी।
मारुति सुजुकी अपने एस-सीएनजी पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है और अपने नेक्सा डीलरशिप के विस्तार की भी योजना बना रही है। इसके तहत भारत में साल 2021 की शुरुआत में 5-डोर जिम्मी के लॉन्च होने की उम्मीद है, जबकि Toyota Raize के प्लेटफ़ॉर्म पर बेस्ड एक मिड साइज की एसयूवी पर कार्य कर रही है, जो 2022 में लॉन्च हो सकती है। इसी तरह कंपनी एक नई सी-एमपीवी भी 2023 तक ला सकती है, जो एर्टिगा और इनोवा क्रिस्टा के बीच होगी।