मारुति सुजुकी एस-प्रेसो को मिनी एसयूवी के रूप में पेश किया गया है और एंट्री लेवल में कार खरीदारों को एक किफायती विकल्प प्रदान करता है
मारूति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने पिछले साल भारत में अपनी नई हैचबैक मारूति एस-प्रेसो (Maruti S-Presso) को 30 सितम्बर को लॉन्च किया था। इस कार के डिजाइन और लुक को देखते हुए कंपनी ने इसे मिनी एसयूवी करार दिया था और अब इसके भारत में एक साल पूरे हो गए हैं और यह कार कंपनी के लिए सफल प्रोडक्ट बनकर उभरी है।
मारूति सुजुकी ने कहा है कि भारत में एक साल में मारूति एस-प्रेसो की 75,000 से भी ज्यादा यूनिट की बिक्री हो चुकी है, जिससे इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मारूति एस-प्रेसो को कंपनी की एरीना डीलरशिप के माध्यम से बेचा जा रहा है।
मारूति एस-प्रेसो कंपनी की एंट्री लेवल की हैचबैक है फिर भी इसे कई माडर्न इक्वीपमेंट से लैस किया गया है। एस-प्रेसो को कंपनी के 5वें जनरेशन के हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है हाई टेंसिल स्टील का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी का दावा है कि एस-प्रेसो अन्य कारों के मुकाबले 40 प्रतिशत ज्यादा मजबूत है।

इंटीरियर में एस-प्रेसो को डिजिटल स्पीडोमीटर, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्टीयरिंग पर ऑडियो और वॉइस कंट्रोल जैसे कई फीचर्स मिलते हैं और इसके अलावा इस कार में एसयूवी के जैसे ही हाई ग्राउंड क्लीयरेंस भी मिलता है और 14 इंच के पहिये हैं। कार के साथ बेहतर स्पेस और कम कीमत में प्रीमियम इक्वीपमेंट का दावा किया गया है।
मारुति एस-प्रेसो को पावर देने के लिए 1.0-लीटर वाला पेट्रोल इंजन मिला है, जो कि 68 बीएचपी की पॉवर और 90 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। यह कार मैनुअल के साथ ऑटोमेटिक गियरबॉक्स में भी उपलब्ध है। कंपनी का दावा है कि यह कार 21.4 किमी प्रति लीटर (ARAI रेटेड) का माइलेज देती है।
कीमत की बात करें तो मारुति एस-प्रेसो 3.71 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) शुरू होती है। कंपनी ने एस-प्रेसो पर पिछले महीने 48,000 रुपये तक का डिस्काउंट दिया था, जिसके कारण इसकी बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। कंपनी अगले साल तक नई जेनेरशन सेलेरियो और ऑल्टो 800 को भी भारत में लॉन्च करेगी।