मारुति सुजुकी जिम्नी 4X4 का पहला टीजर हुआ जारी, जल्द होगी लॉन्च

मारुति सुजुकी जिम्नी 1.5-लीटर चार-सिलेंडर K15B पेट्रोल इंजन द्वारा  संचालित हो सकती है, जो कि 105 पीएस की पावर और 138 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने नेक्सा के सोशल मीडिया हैंडल पर एक आगामी कार के टीजर को जारी किया है। जारी किए इस टीजर में एक एडवेंचर टूरिंग के इलाके को दिखाया गया है। हालांकि यह कौन सी कार है, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन टीजर के वीडियो में रेगिस्तानी इलाके को दिखाया गया है, जिस पर यह लिखा है कि अंदाजा लगाइए यहाँ कौन था?

मारूति सुजुकी के इस नए टीजर में ऊपर दिए गए सवाल के साथ-साथ टायर के निशान भी हैं। माना जा रहा है कि यह भारत की सबसे बहुत प्रतिक्षित कारों से एक मारुति सुजुकी जिम्नी के लिए है, जिसके भारत में लॉन्च होने की अटकलें साल 2020 की शुरूआत से ही है। जिम्नी को कुछ साल पहले ही वैश्विक स्तर पर लॉन्च किया गया था, जो कि लोकप्रिय ऑफरोडर बनकर उभरी है।

कंपनी भारत में विदेशी बाजारों के लिए 3-डोर जिम्नी का उत्पादन भी कर रही है। मारुति सुजुकी के गुरुग्राम प्लांट से इस साल की शुरुआत में ही कंपनी ने मध्य पूर्व, लैटिन अमेरिका और अफ्रीका में अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए के पहले बैच को भेजा है। खबरों की मानें तो भारतीय बाजार के लिए कंपनी 5-डोर एडिशन को भी विकसित कर रही है।maruti-suzuki-jimny-teaserइसके अलावा हाल ही में मारूति सुजुकी इंडिया के कार्यकारी डाइरेक्टर शशांक श्रीवास्तव ने पुष्टि की है कि भारत में जिम्नी को पेश करने की योजनाओं का अध्ययन किया जा रहा है। हालांकि देश में अभी भी जिम्नी के लॉन्च होने में समय लगेगा, क्योंकि इसे 2022 से पहले पेश नहीं किया जाएगा, लेकिन देश में थार की सफलता को देखते हुए प्रतीत होता है कि यहाँ सबसे पहले 3-डोर वर्जन को लॉन्च किया जाएगा।

इसके बाद कंपनी जिम्नी के लॉन्ग वर्जन यानि 5-डोर वर्जन को लॉन्च करेगी। इसे कुछ महीने पहले विदेशों में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। ऐसे में अगर कंपनी जिम्नी को लॉन्च करती है तो महिंद्रा थार और हाल ही में लॉन्च की गई फोर्स गुरखा के साथ-साथ यह कार भी लाइफस्टाइल एसयूवी स्पेस में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच सकती है और कंपनी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है।Maruti jimny-2हालांकि इंडियन स्पेक मॉडल में मामूली बदलाव हो सकते हैं, लेकिन इसके सिग्नेचर ऑफ-रोड क्षमता को बरकरार रखा जा सकता है। जिम्नी को पावर देने के लिए 1.5-लीटर चार-सिलेंडर K15B पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो कि 105 पीएस की पावर और 138 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। इंजन को 5-स्पीड मैनुअल या 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जा सकता है, जो चारों व्हील को पावर देगा।

कंपनी इस ऑफरोडर की पेशकश माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ भी कर सकती है, ताकि प्रदर्शन को बढ़ाया जा सके। इसे फीचर्स के रूप में नए स्मार्टप्ले स्टूडियो सिस्टम के साथ 7 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर आदि मिल सकता है और इसे ब्रांड के नेक्सा प्रीमियम डीलरशिप के माध्यम से बेचा जाएगा।