मारुति सुजुकी इग्निस (Maruti Suzuki Ignis) के Zeta वेरिएंट में पहले 2-DIN ऑडियो सिस्टम मिलता था, लेकिन अब इसमें 7 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम को जोड़ा गया है
मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने इग्निस की फीचर सूची को अपग्रेड किया है। इस साल की शुरुआत में फेसलिफ्ट मॉडल के पेश होने और BS6 नार्म्स वाले 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिलने के बाद कंपनी का कार में किया गया यह पहला अपडेट है।
आपको बता दें कि Maruti Suzuki Ignis के फेसलिफ्ट अवतार को ऑटो एक्सपो 2020 में पेश किया गया था। मारुति के मुताबिक कंपनी को 16 मई 2020 तक इस कार के लिए 50 हजार से ज्यादा बुकिंग मिली थी। लिहाजा अब इस कार की बिक्री को बढ़ाने के लिए इसके Zeta वर्जन को अपडेट किया गया है।
मारूति इग्निस जेटा वेरिएंट इस कार के टॉप वेरिएंट अल्फा ट्रिम के नीचे है। इसके पहले जेटा वेरिएंट को 2-डीआईएन ऑडियो सिस्टम मिलता था, लेकिन अब इसमें 7 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जोड़ा गया है। इससे पहले यह फीचर केवल अल्फा वेरियंट्स में उपलब्ध था। कार को स्मार्टप्ले स्टूडियो सिस्टम भी मिला है। इस बारे में मारुति सुजुकी का कहना है कि इग्निस का जेटा वेरिएंट कई सुविधाओं के साथ पैक किया गया है और इसमें एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी भी शामिल है।

इग्निस जेटा वेरिएंट में पहले से ही कई फीचर्स स्टैंडर्ड मिलते हैं और इनमें स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो कंट्रोल, नेविगेशन सिस्टम के साथ लाइव ट्रैफिक अपडेट, टिल्ट एडजस्टेबल स्टीयरिंग, कीलेस एंट्री, 15 इंच अलॉय व्हील्स और रियर वाइपर जैसे कई फीचर्स शामिल हैं। साल की शुरूआत में इग्निस में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव किए गए थे, जिसकी वजह से इसे फ्रेश लुक मिला है।
हालांकि, कार को फ्रेश लुक देने के लिए फ्रंट में नई क्रोम ग्रिल और फॉक्स स्कफ प्लेट्स के साथ नए फ्रंट और रियर बंपर दिए गए हैं। मारुति इग्निस फेसलिफ्ट में स्विफ्ट और बलेनो में मिलने वाला बीएस6 कम्प्लायंट 1.2-लीटर, 4-सिलिंडर पेट्रोल इंजन है। यह इंजन 82 bhp का पावर और 113 Nm पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसके साथ 5-स्पीड MT और AMT गियरबॉक्स के ऑप्शन हैं।

मारुति सुजुकी ने अपडेटेड इग्निस ज़ेटा की कीमत 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस वेरिएंट के लिए 5.98 लाख रुपये रखी है, जबकि AMT एडिशन की कीमत 6.45 लाख रुपये (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम, दिल्ली) है। अपडेट किए गए मॉडल की कीमत पहले मॉडल की तुलना में 9,000 रुपए ज्यादा है। इग्निस की बिक्री मारुति सुजुकी के प्रीमियम नेक्सा डीलरशिप पर होती है और भारत में इसका मुकाबला हुंडई ग्रैंड आई 10 निओस (Hyundai Grand i10 Nios) से है।