मारूति सुजुकी जल्द ही ग्रैंड विटारा को अपनी लाइनअप में जोड़ेगी, जो कि ब्रांड की पहली स्ट्रांग हाइब्रिड पेट्रोल कार होगी और इसके बाद कंपनी इसके 7 सीटर वर्जन को निकट भविष्य में पेश करेगी
मारुति सुजुकी भारतीय बाजार में नई ग्रैंड विटारा मिडसाइज एसयूवी को लॉन्च करने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, फाक्सवैगन तैगुन, स्कोडा कुशाक और आगामी टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर जैसी कारों से होगा। खबरों की मानें तो यह भारतीय कार निर्माता निकट भविष्य में इसके सात साटों वाले वर्जन को भी पेश कर सकती है।
नई मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा एक्सएल अपने प्लेटफार्म और मैकेनिकल को रेग्यूलर ग्रैंड विटारा के साथ साझा करेगी और इसमें एक समान डिजाइन भाषा देखने को मिलेगी। ग्रैंड विटारा सुजुकी के ग्लोबल-सी प्लेटफॉर्म पर आधारित है और मजबूत गतिशीलता का दावा करती है। हालांकि सीटिंग की अतिरिक्त पंक्ति को समायोजित करने के लिए व्हीलबेस के ज्यादा लंबा होने की उम्मीद है।
भारत में लॉन्च होने के बाद ग्रैंड विटारा एक्सएल का मुकाबला हुंडई अलकाजर, टाटा सफारी और एमजी हेक्टर प्लस जैसी कारों से होगा। वहीं इंटीरियर में उम्मीद हैं कि नई ग्रैंड विटारा एक्सएल 7-सीटर में समान डैशबोर्ड लेआउट और समान सुविधा होगी। हालांकि केबिन में तीन-पंक्ति बैठने का लेआउट मिलेगा और इससे लोगों को ज्यादा आराम मिलेगा।
इस सात-सीटर एसयूवी के साथ नौ इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, एचयूडी, छह एयरबैग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और पैनोरैमिक सनरूफ जैसी सुविधाओं की पेशकश की उम्मीद है।
हालाँकि पावरट्रेन विकल्प भी समान रहने की संभावना है और इस तरह 7-सीटर ग्रैंड विटारा को दो इंजन विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा, जिसमें 1.5 लीटर, स्ट्रांग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन और 1.5 लीटर K15C स्मार्ट हाइब्रिड पेट्रोल इंजन होगा। 1.5 लीटर टीएनजीए एटकिंसन हाइब्रिड इंजन 115 बीएचपी की संयुक्त पावर आउटपुट देता है और इसे ईसीवीटी गियरबॉक्स से जोड़ा जाता है।

दूसरी ओर 1.5 लीटर K15C स्मार्ट हाइब्रिड पेट्रोल इंजन 103 बीएचपी की पावर और 117 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और एक नए 6-स्पीड ऑटोमैटिक टॉर्क कन्वर्टर गियरबॉक्स के साथ पेश किया जाएगा। हालाँकि कंपनी ने अभी नई ग्रैंड विटारा एक्सएल की आधिकारिक लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि इसे 2024 में लॉन्च किया जा सकता है।