मारुति एर्टिगा और XL6 की संयुक्त बिक्री 2021 में 1,54,310 यूनिट की रही, जो कि 2020 के 1,04,185 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 48 फीसदी की वृद्धि है
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (MSIL) ने कैलेंडर वर्ष 2021 में सबसे ज्यादा वैगनआर की बिक्री की है, जबकि इसके बाद क्रमशः स्विफ्ट, बलेनो और ऑल्टो को बेचा गया है। एर्टिगा भी अपने अधिक प्रीमियम सिबलिंग एक्सएल6 के साथ पाँचवे स्थान पर रही और यह पिछले साल बड़े अंतर से देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली एमपीवी बनकर उभरी है।
बता दें कि साल 2021 में मारूति सुजुकी एर्टिगा और एक्सएल6 की संयुक्त बिक्री 1,54,310 यूनिट की रही, जो 2020 में इसी अवधि के दौरान बेची गई 1,04,185 यूनिट के मुकाबले 48 प्रतिशत की वृद्धि है। कैलेंडर वर्ष 2021 में यात्री कार उद्योग में इनकी बाजार हिस्सेदारी 5 प्रतिशत की रही, जो कि अपने आप में शानदार है।
इन दोनों ही एमपीवी को इस साल अपडेट मिलने वाला है और मारुति सुजुकी कथित तौर पर इस साल अपने कई मॉडलों के लिए एक नया ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन पेश करेगी और 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक यूनिट को एक नए 6-स्पीड एटी से बदल दिया जाएगा। इस गियरबॉक्स को सुजुकी विटारा के साथ वैश्विक स्तर पर पेश किया जाता है।
इस तरह एर्टिगा यह ट्रीटमेंट प्राप्त करने वाला दूसरा मॉडल हो सकता है और इसके फेसलिफ्ट वर्जन को आने वाले महीनों में लॉन्च किया जा सकता है। इस 7-सीटर एमपीवी को एक्सटीरियर और इंटीरिय़र में भी कुछ अपडेट मिलेंगे, जबकि 6-स्पीड एटी की पहुँच संभवतः एक्सएल6 तक विस्तारित होने की संभावना है। माना जा रहा है कि ब्रेज़ा को देश में अप्रैल 2022 में पेश किया जाएगा, जो कि पैडल शिफ्टर्स के साथ नया छह-स्पीड एटी प्राप्त करने वाला पहला वाहन बन सकता है।
एक्सएल6 को नेक्सा प्रीमियम आउटलेट के माध्यम से बेचा जाता है और यह मध्य-पंक्ति में कैप्टन सीट के साथ आती है। वर्तमान में एर्टिगा की कीमत फिलहाल 8.12 लाख रुपए से लेकर 10.85 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए तक जाती है, जबकि XL6 की कीमत बेस ट्रिम के लिए 10.14 लाख रूपए से शुरू होती है, जो कि टॉप-स्पेक ट्रिम के लिए 12.02 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है। यह इन्हें भारत की सबसे किफायती एमपीवी में से भी एक बनाता है, जो इसकी सफलता का प्रमुख कारक है।
मारूति एर्टिगा और एक्सएल6 को पावर देने 1.5-लीटर चार-सिलेंडर K15B पेट्रोल इंजन मिलता है, जो कि माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ आता है। यह इंजन 6,000 आरपीएम पर 104.7 पीएस की पावर और 4,400 आरपीएम पर 138 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। इंजन को 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड टॉर्क कनवर्टर एटी ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है।