मारुति सुजुकी e-Vitara 49 kWh और 61 kWh बैटरी विकल्पों के साथ आती है और BaaS (बैटरी-एज़-ए-सर्विस) मॉडल के तहत इसकी शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये है
मारुति सुजुकी ने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी e-Vitara को 15.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है और यह कीमत बैटरी सहित है। मारुति सुजुकी e-Vitara इलेक्ट्रिक एसयूवी डेल्टा, ज़ेटा और अल्फा वेरिएंट में उपलब्ध है। डेल्टा वेरिएंट की कीमत 15.99 लाख रुपये, ज़ेटा वेरिएंट की कीमत 17.49 लाख रुपये और अल्फा वेरिएंट की कीमत 19.79 लाख रुपये है।
वहीं अल्फा वेरिएंट का ड्यूल-टोन रंग विकल्प 20.01 लाख रुपये में उपलब्ध है। साथ ही कंपनी ने BaaS (बैटरी-एज़-ए-सर्विस) मॉडल भी पेश किया है। इस विकल्प में गाड़ी की शुरुआती कीमत कम हो जाती है। डेल्टा वेरिएंट की कीमत 10.99 लाख रुपये, ज़ेटा वेरिएंट की कीमत 11.99 लाख रुपये, अल्फा वेरिएंट की कीमत 14.29 लाख रुपये और ड्यूल-टोन अल्फा की कीमत 14.51 लाख रुपये है।
इस योजना के तहत ग्राहकों को बैटरी के लिए प्रति किलोमीटर शुल्क देना होगा, जो डेल्टा में 3.99 रुपये/किमी और ज़ेटा व अल्फा में 4.39 रुपये/किमी है। BaaS योजना में फ्री होम चार्जर और उसकी इंस्टॉलेशन शामिल है। हालांकि यह ऑफर सीमित समय के लिए है। फुल प्राइस पर खरीदने वाले ग्राहकों को भी 31 मार्च तक मुफ्त होम चार्जर दिया जाएगा।

डेल्टा वेरिएंट में 49 kWh LFP बैटरी और परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर (PMSM) मिलती है, जो 105.8 kW (142 hp) की पावर और 193 Nm का टॉर्क देती है। यह सेटअप 440 किमी की रेंज प्रदान करता है। 7.4 kW AC चार्जर से बैटरी को 10-100% चार्ज होने में लगभग 6.5 घंटे लगते हैं, जबकि DC फास्ट चार्जर से 10-80% चार्जिंग 45 मिनट में हो जाती है।
ज़ेटा और अल्फा वेरिएंट में 61 kWh की बड़ी बैटरी और ज्यादा पावरफुल मोटर (128 kW / 172 hp) दी गई है। इसमें रेंज बढ़कर 543 किमी तक हो जाती है। बड़ी बैटरी को AC चार्जर से 10-100% चार्ज होने में लगभग 9 घंटे लगते हैं, जबकि DC चार्जर से 10-80% चार्जिंग 45 मिनट में संभव है।

यह इलेक्ट्रिक एसयूवी Heartect-e स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की लंबाई 4,275 मिमी, चौड़ाई 1,800 मिमी और ऊंचाई करीब 1,640 मिमी, व्हीलबेस 2,700 मिमी, ग्राउंड क्लीयरेंस 185 मिमी और बूट स्पेस 310 लीटर का है। फीचर्स में 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.1-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पावर्ड फ्रंट सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड-कार टेक्नोलॉजी और 360-डिग्री कैमरा मिलता है।
इसके अलावा लेवल-2 ADAS फीचर्स जैसे अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल भी दिए गए हैं। भारतीय बाजार में इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी का मुकाबला हुंडई क्रेटा EV, महिंद्रा XEV 9e, MG ZS EV और टाटा कर्व EV जैसे मॉडलों से है। कंपनी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खास ओनरशिप बेनिफिट्स भी दे रही है। इसमें तीन साल बाद 60 प्रतिशत का अस्योर्ड बायबैक, फ्री होम चार्जर इंस्टॉलेशन, 8 साल की वारंटी और एक साल तक मुफ्त पब्लिक चार्जिंग शामिल है।