मारुति सुजुकी e Vitara जनवरी में होगी लॉन्च – 543 किमी तक की रेंज, 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग, ADAS

maruti suzuki e Vitara electric SUV-8

मारुति सुजुकी e Vitara इलेक्ट्रिक नेक्सा डीलरशिप के माध्यम से बेची जाएगी और इसका मुकाबला क्रेटा ईवी, टाटा कर्व, ZS ईवी जैसी कारों से होगा

मारुति सुजुकी नई e Vitara के साथ भारत के इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में अपनी शुरुआत करने की तैयारी कर रही है, जिसकी बिक्री अगले महीने शुरू होने वाली है। ब्रांड ने आखिरकार भारतीय ग्राहकों के लिए अपनी पहली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक एसयूवी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी का खुलासा कर दिया है। इस मॉडल को भारत NCAP परीक्षणों में पहले ही 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है। इसे एडल्ट सेफ्टी के लिए 32 में से 31.49 और बच्चों की सुरक्षा के लिए 49 में से 43 रेटिंग प्राप्त हुई है।

मारुति सुजुकी आधिकारिक लॉन्च से पहले ही बड़ा चार्जिंग नेटवर्क तैयार कर रही है। कंपनी ने 13 बड़े चार्जिंग पॉइंट ऑपरेटरों और एग्रीगेटर्स के साथ हाथ मिलाया है, ताकि लोगों को एक ही प्लेटफ़ॉर्म पर ज्यादा चार्जिंग विकल्प मिल सकें। इसके अलावा, मारुति सुजुकी ने देश भर में अपने शोरूम और सर्विस सेंटरों पर 2,000 से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन लगा दिए हैं। इससे इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग और रेंज से जुड़ी परेशानियाँ काफी कम हो जाएँगी।

हाल ही में मारुति ने ई-विटारा की क्षमता और देशभर में उपलब्ध चार्जिंग नेटवर्क को दिखाने के लिए एक खास अभियान शुरू किया। गुरुग्राम से चार कारों को अलग-अलग दिशाओं में भेजा गया है। जिनमें उत्तर में श्रीनगर, दक्षिण में कन्याकुमारी, पूर्व में डिब्रूगढ़ और पश्चिम में भुज शामिल है। ई-विटारा में एक बार फुल चार्ज होने पर 543 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज का दावा किया गया है।

maruti suzuki e Vitara electric SUV-4

भारत में इसकी डिलीवरी लॉन्च होते ही शुरू हो जाएगी, लेकिन ई-विटारा के अंतरराष्ट्रीय मॉडल पहले ही तैयार कर लिए गए हैं। इन्हें मारुति सुज़ुकी के गुजरात वाले प्लांट में बनाया गया है और बड़ी संख्या में विदेश भेजा गया है। कंपनी का लक्ष्य है कि 2030 तक पूरे भारत में एक लाख से भी अधिक पब्लिक चार्जिंग पॉइंट्स स्थापित करने में मदद की जाए, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग और भी आसान हो सके।

घरेलू बाज़ार में ई-विटारा की बिक्री सिर्फ प्रीमियम नेक्सा शोरूम से की जाएगी। यह तेजी से बढ़ते मिड-साइज़ इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में उतारी जा रही है और इसकी शुरुआती कीमत करीब 17 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से थोड़ा ऊपर होने की उम्मीद है।खरीदारों के लिए BYD द्वारा दी गई दो LFP बैटरी के विकल्प मिलेंगे, जिनमें 48.8 kWh और 61.1 kWh बैटरी पैक शामिल होंगे। इस तरह ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार अलग-अलग रेंज और परफॉर्मेंस वाले वेरिएंट चुन सकेंगे।

Maruti e vitara (2)

तेज़ डीसी चार्जिंग क्षमता दोनों संस्करणों को 50 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में सक्षम बनाती है। समर्पित हार्टेक्ट-ई इलेक्ट्रिक प्लेटफ़ॉर्म पर निर्मित, इसका इंटीरियर आधुनिक तकनीक से भरपूर है। जिनमें वायरलेस स्मार्टफ़ोन कनेक्टिविटी वाला 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.1-इंच का पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, पावर-संचालित फ्रंट सीटें, क्लाइमेट कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम और 7 एयरबैग शामिल है।

यह लेवल 2 ADAS से लैस है जिसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, लेन असिस्ट, लेन डिपार्चर प्रिवेंशन और अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल जैसे फ़ीचर हैं जो गति और मोड़ के अनुसार एडजस्ट हो सकते हैं। ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन, रियर क्रॉस ट्रैफ़िक अलर्ट, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक, TPMS, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, मल्टी-कोलिजन ब्रेकिंग, ISOFIX चाइल्ड-सीट माउंट और एक इंटीग्रेटेड SOS इमरजेंसी सिस्टम के ज़रिए अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है। मारुति सुजुकी ई-विटारा बाज़ार में पहले से मौजूद टाटा कर्व ईवी, टाटा हैरियर ईवी, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, एमजी ZS EV, विंडसर ईवी और महिंद्रा की नई बोर्न इलेक्ट्रिक एसयूवी को कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।