Maruti Suzuki e Vitara भारतीय बाजार में हुई लॉन्च, कीमत 10.99 लाख रुपये

maruti e vitara

Maruti Suzuki e Vitara इलेक्ट्रिक एसयूवी में एक बार चार्ज करने पर 543 किमी तक की रेंज देने का दावा किया गया है

मारुति सुजुकी ने आज भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी e Vitara को लॉन्च कर दिया है। बैटरी-एज़-ए-सर्विस (BaaS) स्कीम के तहत इसकी शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये रखी गई है, इसमें बैटरी इस्तेमाल करने के लिए हर किलोमीटर पर 3.99 रुपये अलग से देने होंगे। यह कीमत BaaS (बैटरी-एज़-ए-सर्विस) मॉडल के तहत डेल्टा वेरिएंट पर लागू है।

भारतीय बाजार में इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी का मुकाबला हुंडई क्रेटा EV, महिंद्रा XEV 9e, MG ZS EV और टाटा कर्व EV जैसे मॉडलों से होगा। कंपनी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खास ओनरशिप बेनिफिट्स भी दे रही है। इसमें तीन साल बाद 60 प्रतिशत का अस्योर्ड बायबैक, फ्री होम चार्जर इंस्टॉलेशन, 8 साल की वारंटी और एक साल तक मुफ्त पब्लिक चार्जिंग शामिल है। e Vitara का प्रोडक्शन गुजरात स्थित मारुति सुजुकी के प्लांट में शुरू हो चुका है और भारत में बनी यूनिट्स को एक्सपोर्ट भी किया जा रहा है।

यह इलेक्ट्रिक एसयूवी Heartect-e स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की लंबाई 4,275 मिमी, चौड़ाई 1,800 मिमी और ऊंचाई करीब 1,640 मिमी है, जबकि व्हीलबेस 2,700 मिमी है। वहीं ग्राउंड क्लीयरेंस लगभग 185 मिमी और बूट स्पेस 310 लीटर का है, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए पर्याप्त माना जा सकता है।

Maruti e vitara (2)

केबिन की बात करें तो इसमें 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.1-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पावर्ड फ्रंट सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड-कार टेक्नोलॉजी और 360-डिग्री कैमरा मिलता है। इसके अलावा लेवल-2 ADAS फीचर्स जैसे अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल भी दिए गए हैं।

e Vitara इलेक्ट्रिक एसयूवी में 48.8 kWh और 61.1 kWh के साथ दो बैटरी ऑप्शन दिए गए हैं। छोटी बैटरी के साथ 144 PS की पावर मिलती है, जबकि बड़ी बैटरी 174 PS की पावर जनरेट करती है। दोनों ही वेरिएंट्स में 192.5 Nm का टॉर्क मिलता है। बड़ी बैटरी के साथ यह एसयूवी एक बार चार्ज करने पर 543 किमी तक की रेंज देने का दावा करती है। डीसी फास्ट चार्जिंग से बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक लगभग 50 मिनट में चार्ज किया जा सकता है।

maruti suzuki e Vitara electric SUV-4

इसके साथ ही कंपनी देशभर में एक लाख से ज्यादा पब्लिक चार्जिंग स्टेशन तैयार करने के लिए लंबी अवधि का चार्जिंग इकोसिस्टम भी विकसित कर रही है। सेफ्टी के मामले में भी e Vitara काफी मजबूत है। इसे भारत NCAP में 5-स्टार रेटिंग मिल चुकी है। इसमें 7 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, एबीएस-ईबीडी और आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं।