SUV ट्रेंड के बावजूद छाई Maruti Suzuki Dzire, बिक्री का आंकड़ा 30 लाख के पार

Maruti Suzuki Dzire ने 2008 में बाजार में लॉन्च होने के बाद से 18 साल से भी कम समय में 30 लाख यूनिट की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है

मारुति सुजुकी Dzire ने भारत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। इस कॉम्पैक्ट सेडान की कुल बिक्री 30 लाख यूनिट के पार पहुंच गई है। SUV की बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद यह कार आज भी मारुति सुजुकी के लिए सबसे महत्वपूर्ण मॉडलों में से एक बनी हुई है और अक्सर हर महीने सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की सूची में शामिल रहती है।

यह उपलब्धि ऐसे समय पर आई है जब मारुति सुजुकी Dzire ने 2025 कैलेंडर वर्ष में देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली पैसेंजर कार का खिताब हासिल किया था। उस साल इसकी 2.14 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री हुई थी। इसमें 2024 के अंत में लॉन्च हुई नई जनरेशन का बड़ा योगदान रहा, जिसमें डिजाइन और फीचर्स दोनों में कई बदलाव किए गए थे।

चौथी जनरेशन Dzire में सेफ्टी पर खास ध्यान दिया गया है। इसमें 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), हिल होल्ड असिस्ट, ABS के साथ EBD, ब्रेक असिस्ट और ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर जैसे फीचर्स मिलते हैं। यह 5-सीटर सेडान भारत NCAP और Global NCAP दोनों क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल कर चुकी है।

Maruti Dzire (1)

नई Dzire में Z-सीरीज पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे बेहतर माइलेज देने के लिए तैयार किया गया है। इसका पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट 24.79 किमी/लीटर तक का माइलेज देता है। वहीं कंपनी की S-CNG वर्जन में माइलेज 33.73 किमी/किलोग्राम तक बताया गया है, जिससे यह बाजार की सबसे किफायती सेडान में से एक बन जाती है।

समय के साथ मारुति सुजुकी Dzire में टेक्नोलॉजी और आराम से जुड़े फीचर्स भी काफी बेहतर हुए हैं। नए मॉडल में कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें इलेक्ट्रिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, 9-इंच SmartPlay Pro+ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले शामिल है। इसके अलावा इसमें Suzuki Connect कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी मिलती है, जिसमें स्मार्टवॉच कनेक्टिविटी और वॉइस असिस्टेंट जैसे फीचर्स शामिल हैं।

Dzire Hybrid3

भारत में मारुति सुजुकी Dzire का सफर 2008 में शुरू हुआ था, जब इसे मारुति सुजुकी स्विफ्ट हैचबैक पर आधारित कॉम्पैक्ट सेडान के रूप में Swift Dzire नाम से लॉन्च किया गया था। तब से अब तक यह कार चार पीढ़ियों में आ चुकी है और हर नई जनरेशन के साथ डिजाइन, फीचर्स और परफॉर्मेंस में सुधार किया गया है।