मारूति सुजुकी सेलेरियो – कीमत, पावर, माइलेज, फीचर्स, डिज़ाइन

मारूति सुजुकी सेलेरियो 1.0-लीटर, K10C, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित है, जो कि 67 पीएस की पावर और 89 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है

मारूति सुजुकी इंडिया लिमिटेड बिक्री के लिहाज से भारत में सबसे बड़ी कार निर्माताओं में एक है और इसके पोर्टपोलियो में लोगों की आवश्कताओं की पूर्ति करने वाले वाहनों की एक लंबी सीरीज है। यह कंपनी भारत में एरेना व नेक्सा नाम के दो डीलरशिप के माध्यम से कारों की बिक्री करती है, जिसमें नेक्सा रेंज के तहत आने वाली कारों में इग्निस, बलेनो, सियाज, एस-क्रॉस और एक्सएल6 हैं।

दूसरी ओर एरेना रेंज के तहत ऑल्टो, डिजायर, स्विफ्ट, विटारा ब्रेजा, वैगनआर और एर्टिगा जैसी कारों की बिक्री होती है। कंपनी एरेना रेंज के तहत सेलेरियो की भी बिक्री करती है, जो कि अब अपने नए जेनरेशन में उपलब्ध है। इस कार को 2014 में पेश किया गया था और इसे देश में खरीददारों के लिए सबसे सस्ती व बजट एएमटी कार उपलब्ध कराने का श्रेय जाता है।

मारूति सुजुकी सेलेरियो का आकार

मारूति सुजुकी सेलेरियो 3,695 मिमी लंबी, 1,655 मिमी चौड़ी और 1,555 मिमी ऊंची है। इसका व्हीलबेस 2,435 मिमी और ग्राउंड क्लीयरेंस 170 मिमी का है। इस कार में 5 लोग बैठ सकते हैं, जबकि इसके फ्यूल टैंक की क्षमता 32 लीटर की है। इसके बूटस्पेस की क्षमता 313 लीटर की है और कुल वजन 810 किलो है।2021 Maruti celerio_-3

मारूति सुजुकी सेलेरियो के टायर और ब्रेकिंग

मारूति सुजुकी सेलेरियो को दो टायर विकल्पों के साथ पेश किया जाता है, जहाँ बेस वेरिएंट 14 इंच (165/70 R 14) के व्हील पर सवारी करती है, वहीं टॉप वेरिएंट 15 इंच (175/60 R 15) के अलॉय व्हील पर सवारी करता है। ब्रेकिंग के लिए कार को फ्रंट में डिस्क और रियर में ड्रम ब्रेक दिया गया है और इसे पावर स्टियरिंग दिया गया है।

मारूति सुजुकी सेलेरियो का डिजाइन और कलर

मारूति सुजुकी ने नए जेनरेशन सेलेरियो के स्क्वैरिश और एंगुलर डिजाइन को स्मूद फ्लोइंग कर्व्स और अधिक गोल डिजाइन के साथ बदल दिया है और इसका फ्रंट लुक अंडाकार दिखने वाले हेडलैम्प्स से खास दिखता है। इसमें नए डिजाइन वाले ग्रिल में क्रोम स्ट्रिप दी गई है, जबकि फ्रंट बंपर अच्छी तरह से तराशा गया है, जिसमें ब्लैक कंट्रास्ट ट्रिम और गोल फॉग लैंप है।2021 Maruti celerio_-2प्रोफाइल में बॉडी कलर्ड विंग और लिफ्ट-टाइप डोर हैंडल हैं, जो आउटगोइंग मॉडल के मुकाबले अलग हैं। इसमें एक बड़ा ग्लास हाउस और एक पतला रूफलाइन भी है, जबकि रियर प्रोफाइल काफी सिंपल है, जिसमें गोल टेल-लैंप और बेहतर कंटूर वाला बंपर है। खरीददारों के लिए मारुति सेलेरियो आर्कटिक व्हाइट, सिल्की सिल्वर, ग्लिस्टेनिंग ग्रे, सॉलिड फायर रेड, स्पीडी ब्लू और कैफीन ब्राउन के साथ 6 कलर विकल्प में उपलब्ध है।

मारूति सुजुकी सेलेरियो के फीचर्स और सेफ्टी

मारूति सुजुकी सेलेरियो को हिल होल्ड असिस्ट, इंजन स्टार्ट-स्टॉप, इंफोटेनमेंट स्क्रीन जैसे सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स मिलते हैं, जबकि इंजन स्टार्ट/स्टॉप बटन, पैसिव कीलैस एंट्री, स्टीयरिंग व्हील माउंटेड ऑडियो कंट्रोल्स, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी पैकेज का हिस्सा है। कार को एपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ 7-इंच का स्मार्टप्ले स्टूडियो डिस्प्ले, टर्न इंडिकेटर्स के साथ इलेक्ट्रिक ओआरवीएम मिलता है, जबकि सीट और अपहोल्स्ट्री मैटेरियल बेसिक हैं।2021 Maruti celerio_-4नई मारुति सुजुकी सेलेरियो में यात्रियों की सुरक्षा का भी काफी ध्यान रखा गया है और इसे डुअल एयरबैग, EBD के साथ ABS और ब्रेक असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर, स्पीड सेंसिटिव डोर लॉक और ऑटोमैटिक वेरिएंट के लिए हिल होल्ड असिस्ट आदि दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि नई सेलेरियो फ्रंटल ऑफसेट, साइड क्रैश और पैदल यात्री सुरक्षा जैसे सभी भारतीय सुरक्षा नियमों का पालन करती है।

मारूति सुजुकी सेलेरियो का इंजन पावर और परफार्मेंस

मारूति सुजुकी सेलेरियो को पावर देने के लिए 1.0-लीटर, K10C, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो कि 5500 आरपीएम पर 67 पीएस की पावर और 3500 आरपीएम पर 89 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। यह इंजन स्टैडर्ड के रूप में 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के विकल्प के साथ आता है। इसमें सेगमेंट फर्स्ट ऑटोमेटिक आइडल स्टार्ट-स्टॉप फीचर भी मिलता है। कंपनी का यह भी दावा है कि नया इंजन सभी वेरिएंट्स में CO2 उत्सर्जन को 19 प्रतिशत तक कम करने में सक्षम है। इसमें कूल्ड EGR, ऑटो टेंशनर और इंटीग्रेटेड एग्जॉस्ट मैनिफोल्ड दिए गए हैं।2021 Maruti celerio_

मारूति सुजुकी सेलेरियो का माइलेज

मारूति सुजुकी का दावा है कि सेलेरियो भारत की सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली कार है और यह पहले के मुकाबले 23 प्रतिशत ज्यादा माइलेज देती है। एआरएआई रेटिंग के अनुसार इसका माइलेज 26.68 किमी प्रति लीटर का है।

मारूति सुजुकी सेलेरियो की कीमत और प्रतिद्वंदी

मारूति सुजुकी सेलेरियो मुख्य रूप से चार वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें एलएक्सआई, वीएक्सआई, जेडएक्सआई और जेडएक्सआई प्लस शामिल है, जिसकी कीमत 4.99 लाख रूपए से लेकर 6.94 लाख रूपए (एक्स-सोरूम, नई दिल्ली) तक जाती है। भारत में मारूति सुजुकी सेलेरियो का मुकाबला टाटा टियागो, मारुति वैगनआर और हुंडई सैंट्रो जैसी कारों से है।