मारुति सुजुकी सेलेरियो सीएनजी हुई लॉन्च, कीमत 6.58 लाख रूपए

मारुति सुजुकी सेलेरियो सीएनजी केवल वीएक्सआई वेरिएंट में उपलब्ध है और यह 1.0-लीटर, K10C, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन (55 एचपी की पावर / 82.1 न्यूटन मीटर टॉर्क) द्वारा संचालित है

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने आज अपनी स्टाइलिश अर्बन हैचबैक सेलेरियो के सीएनजी वर्जन को लॉन्च करने की घोषणा की है। भारत में सेलेरियो को एस-सीएनजी तकनीक के साथ लॉन्च किया जाना ब्रांड के ग्रीनर व्हीकल पोर्टफोलियो को और भी मजबूत करने और प्रदूषण मुक्त ट्रांसपोटेशन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नई सेलेरियो सीएनजी वीएक्सआई वेरिएंट में उपलब्ध है और इसकी कीमत 6,58,000 रूपए (एक्स-शोरूम) रखी गई है। सेलेरियो का नया जेनरेशन 1.0-लीटर, K10C, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित है, जो सीएनजी किट के साथ 55 एचपी की पावर और 82.1 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। कंपनी का दावा है कि नई सेलेरियो सीएनजी 35.60 किमी प्रति/किलो का अविश्वसनीय माइलेज प्रदान करती है।

नई सेलेरियो सीएनजी के फ्यूल टैंक की क्षमता 60 लीटर की है और एस-सीएनजी किट फ़ैक्टरी फिटेड है। कंपनी इसके साथ बेहतर सुरक्षा, बेजोड़ सुविधा और बढ़िया प्रदर्शन का भी दावा करती है। इस अवसर पर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (मार्केटिंग और सेल्स) शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि मारुति सुजुकी देश में फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी कारों की पेशकश करने में अग्रणी रही है।Maruti celerio cngउन्होंने कहा कि हमारे पास 8 ग्रीनर मॉडल के साथ भारत का सबसे बड़ा पोर्टफोलियो है और हमने अब तक लगभग 9,50,000 एस-सीएनजी वाहन बेचे हैं। ये फैक्ट्री फिटेड एस-सीएनजी वाहन स्टैंडर्ड वारंटी लाभ और मारुति सुजुकी के सर्विस नेटवर्क की सुविधा के साथ आते हैं, जो कि पूरे भारत में फैला है। उन्होंने कहा कि हमने ग्रीन मोबिलिटी पर फोकस के साथ पिछले 5 सालों में 22 फीसदी की वृद्धि देखी है।

नई सेलेरियो सीएनजी में पावरट्रेन के अलावा अन्य कोई बदलाव नहीं किया गया है और इस तरह यह मॉडल वीएक्सआई वेरिएंट में उपलब्ध सभी फीचर्स से लैस है। सेलेरियो हिल होल्ड असिस्ट, इंजन स्टार्ट-स्टॉप, इंफोटेनमेंट स्क्रीन जैसे सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स से लैस है और इसे पैसिव कीलैस एंट्री, स्टीयरिंग व्हील माउंटेड ऑडियो कंट्रोल्स, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलते हैं।2021 Maruti celerio_-4इसके अलावा यह कार एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो के साथ 7-इंच के स्मार्टप्ले स्टूडियो डिस्प्ले, टर्न इंडिकेटर्स के साथ इलेक्ट्रिक ओआरवीएम, ड्यूल एयरबैग, EBD के साथ ABS और ब्रेक असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर, स्पीड सेंसिटिव डोर लॉक और हिल होल्ड असिस्ट आदि से लैस है। यह कार फ्रंटल ऑफसेट, साइड क्रैश और पैदल यात्री सुरक्षा जैसे भारतीय सुरक्षा नियमों का पालन भी करती है

बता दें कि भारत में मारूति सुजुकी सीएनजी कारों की कुल बिक्री में पिछले जेनरेशन की सेलेरियो ने करीब 30 प्रतिशत का योगदान दिया है, जबकि नई सेलेरियो एस-सीएनजी नए 3डी ऑर्गेनिक स्कल्प्टेड डिज़ाइन के साथ ऊर्जावान है और विशाल केबिन प्रदान करती है। नई सेलेरियो को भारत में नवंबर 2021 में लॉन्च किया गया था और इसे भारतीय बाजार में अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली है।

सेलेरियो को भारत में केवल दो महीनों में 25,000 से भी ज्यादा की बुकिंग प्राप्त हो चुकी है, जो बेहतर ड्राइविंग अनुभव, बेजोड़ ईंधन-दक्षता और कई सुविधाओं का सही संयोजन है और खरीददारों की अपेक्षाओं की पूर्ति आकर्षक कीमत के साथ करती है। भारत सरकार भी सीएनजी फ्यूल पंप नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने के लिए काम कर रही है।