एक रिपोर्ट के मुताबिक मारूति सुजुकी ने फिलहाल अपने 1.5 लीटर डीजल इंजन के बीएस6 वर्जन को फिर से पेश करने की योजना रद्द कर दिया है
भारत में 1 अप्रैल 2020 से लागू हुए बीएस6 मानकों के साथ ही मारूति सुजुकी ने डीजल इंजन के साथ अपनी कारों को पेश करना बंद कर दिया था और केवल पेट्रोल व सीएनजी पावरट्रेन के साथ जारी रखा। हालांकि पिछली खबरों की मानें तो यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि भारत में मारुति सुजुकी बीएस6 अवतार में भी डीजल इंजन की पेशकश करेगी और अपने 1.5 लीटर डीजल इंजन को फिर से पेश करने की योजना बना रही है।
संभावना जताई जा रही था कि मारूति सुजुकी अपने आगामी डीज़ल इंजन को एक्सएल6, एर्टिगा और विटारा ब्रेजा जैसे यूटिलिटी वाहनों के साथ पेश करेगी। हालांकि एक नई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मारुति सुजुकी ने अपने 1.5 लीटर बीएस6 डीजल इंजन को पेश करने की योजना को फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
बता दें कि मारुति सुजुकी 2023 के अंत तक देश में लगभग पांच नए उपयोगी वाहनों को लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिसमें दूसरी पीढ़ी की विटारा ब्रेज़ा, मेड-इन-इंडिया जिम्नी 5-डोर, नई मिड साइज एसयूवी आदि शामिल है, लेकिन रिपोर्ट का दावा है कि डीजल इंजनों को पेश करने की योजना को रद्द करने का निर्णय सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन ने निवेश के मुद्दों पर रिटर्न का हवाला देते हुए लिया है।
इसके अलावा देश में 1.5 लीटर डीजल इंजन की योजना को ठंडे बस्ते में डालने का कारण डीजल की बढ़ती कीमतें भी हैं और ब्रांड अपना ध्यान अब इलेक्ट्रिकफिकेशन की ओर करने पर केंद्रित कर रही है। साल 2021 में अब तक डीजल की कीमतों में 18.58 रूपए प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई, जिसकी वजह से डीजल और पेट्रोल की कीमतों के बीच का अंतर काफी कम हो गया है।
मारुति सुजुकी की अधिकांश कारें कॉम्पैक्ट हैं, लेकिन कारों के डीजल वर्जन के साथ पेश करने पर इनकी कीमतों में महत्वपूर्ण वृद्धि प्राप्त होगी। रिपोर्ट का दावा है कि उद्योग के विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों और फ्यूल की बढ़ती कीमतें डीजल इंजन की योजना को रद्द करने की दिशा में बड़ा प्रभाव डाला है।
सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन पहले ही अपने इलेक्ट्रिकफिकेशन के रणनीति की घोषणा कर चुकी है। कंपनी मजबूत हाइब्रिड वाहन भी पेश करेगी और 2025 तक अपना पहला इलेक्ट्रिक वाहन पेश करेगी। कंपनी हाइब्रिड और ईवी के साथ-साथ डीजल कारों के तत्काल वैकल्पिक समाधान के रूप में सीएनजी पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। लिहाजा आने वालो दिनों में विटारा ब्रेज़ा के सीएनजी वर्जन को भी पेश किया जाएगा।
इसके अलावा मारुति सुजुकी जिम्नी ऑफ-रोडर के स्थानीय रूप से विकसित 5-डोर एडिशन को देश में लॉन्च करने की योजना पर कार्य कर रही है। कंपनी टोयोटा के साथ साझेदारी में एक नई मध्यम आकार की एसयूवी भी विकसित कर रही है, जबकि दूसरे जेनरेशन की विटारा ब्रेज़ा और नई एस-क्रॉस क्रॉसओवर भी विकास के अधीन हैं।