2026 Maruti Suzuki Brezza फेसलिफ्ट टेस्टिंग के दौरान पहली बार दिखी

2026-Maruti-Suzuki-Brezza-Spied
Image Source: carindianews

2026 Maruti Suzuki Brezza फेसलिफ्ट में कॉस्मेटिक बदलाव, अपडेटेड इंटीरियर और अंडरबॉडी CNG टैंक मिलने की उम्मीद है

दूसरी जनरेशन ब्रेज़ा बड़ा अपडेट पाने की तैयारी में है और इसे पहली बार सड़क पर टेस्टिंग करते हुए देखा गया है, हालांकि मॉडल को पूरी तरह से कवर किया गया है। कवरिंग के बावजूद कुछ नए डिज़ाइन बदलाव नज़र आ रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि तस्वीरों ने डिज़ाइन से ज़्यादा CNG सेटअप को लेकर चर्चा बढ़ा दी है।

टेस्टिंग मॉडल पर पीछे CNG स्टिकर दिखा है और दावा किया गया कि इसका CNG टैंक बूट में रखने के बजाय गाड़ी के नीचे लगाया गया है, जिससे बूट स्पेस बिल्कुल भी कम नहीं होगा। अगर यह फीचर प्रोडक्शन मॉडल में आता है, तो 2026 ब्रेज़ा भी अंडरफ्लोर CNG टैंक वाली विक्टोरिस की तरह बूट स्पेस वाली समस्या को पूरी तरह हल कर देगी, जिससे इसे बाज़ार में बड़ी बढ़त मिल सकती है।

डिज़ाइन की बात करें तो ओवरऑल ग्लास एरिया पहले जैसा ही दिखता है, यानी बड़े बॉडी पैनल बदलने की संभावना कम है। फिर भी टेल लैंप्स में हल्का बदलाव दिख रहा है और नए अलॉय व्हील्स भी देखने को मिल सकते हैं। ऊपर शार्क-फिन एंटीना और स्पॉइलर के साथ हाई-माउंटेड स्टॉप लैंप भी नज़र आ रहा है।

2026-Maruti-Suzuki-Brezza-Spied-1
Image Source: carindianews

ऐसा भी कहा जा रहा है कि फेसलिफ्टेड ब्रेज़ा में लेवल 2 ADAS मिल सकता है, जिससे यह उन प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले मजबूत होगी जो पहले से लेन सपोर्ट और कोलिज़न बचाव वाली तकनीक दे रहे हैं। हालांकि सेंसर दिखाई नहीं दिए है, लेकिन इसकी संभावना काफी है। उम्मीद है कि इंटीरियर में भी कुछ नए फीचर्स जोड़े जाएंगे।

मैकेनिकल हिस्सों में मारुति कोई बड़ा बदलाव करने की योजना में नहीं है। भरोसेमंद 1.5-लीटर K15C इंजन पहले जैसा ही रहेगा, जो 102 बीएचपी की पावर और 137 एनएम का टॉर्क देता है। वहीं CNG वेरिएंट भी लगभग 87 बीएचपी की पावर और 121.5 एनएम का टॉर्क ही देगा।

गियरबॉक्स में भी किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। पेट्रोल वेरिएंट में पहले की तरह मैनुअल गियरबॉक्स और 6-स्पीड ऑटोमैटिक का विकल्प मिलता रहेगा। इस साल मारुति ने ब्रेज़ा में छह एयरबैग स्टैंडर्ड कर दिए थे। यह SUV ग्लोबल C प्लेटफॉर्म पर बनी है, जिसे GNCAP में चार स्टार रेटिंग मिली है। अब, नए सुरक्षा फीचर्स जोड़ने के बाद, इसका नया मॉडल 5-स्टार रेटिंग पाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।