
Maruti Suzuki Brezza पिछले एक दशक से लगातार भारत की टॉप 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में अपनी जगह बनाए हुए है
मारुति सुजुकी भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय एसयूवी Brezza के 10 साल पूरे होने का जश्न मना रही है। साल 2016 में लॉन्च होने के बाद से यह कॉम्पैक्ट एसयूवी लगातार लोकप्रिय होती गई। आज यह सेगमेंट देश की सबसे बड़ी कार कैटेगरी में से एक बन चुका है। अभी कॉम्पैक्ट एसयूवी का हिस्सा कुल पैसेंजर व्हीकल बाजार में लगभग 31 प्रतिशत है। पिछले एक दशक में ब्रेज़ा लगातार भारत की टॉप 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली पैसेंजर गाड़ियों में शामिल रही है।
इसकी लगातार लोकप्रियता ने इस सेगमेंट की हिस्सेदारी को 31 प्रतिशत तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। आंकड़ों के मुताबिक, इस सेगमेंट में आने वाले 56 प्रतिशत ग्राहक ब्रेज़ा को पहले से ही अपनी “पहली पसंद” मानकर शोरूम में आते हैं।लॉन्च के साथ ही इस मॉडल ने बड़ी सफलता हासिल की थी और पहले ही साल में 28 से ज्यादा बड़े ऑटोमोटिव अवॉर्ड अपने नाम किए थे, जिनमें प्रतिष्ठित Indian Car of the Year भी शामिल है।
दो पीढ़ियों में यह एसयूवी तकनीक और फीचर्स के मामले में काफी आगे बढ़ चुकी है। यह 5 सीटर एसयूवी 1.5 लीटर K15C ड्यूलजेट पेट्रोल इंजन से लैस है, जो 103 पीएस की पावर और 137 एनएम का टॉर्क देता है। ग्राहक इसमें 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स या 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक (पैडल शिफ्टर्स के साथ) का विकल्प चुन सकते हैं। बेहतर माइलेज के लिए इसमें स्मार्ट हाइब्रिड टेक्नोलॉजी दी गई है और फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी वेरिएंट भी उपलब्ध है।

आकार की बात करें तो इसकी लंबाई 3,995 मिमी, चौड़ाई 1,790 मिमी और ऊंचाई 1,685 मिमी है, जबकि व्हीलबेस 2,500 मिमी है। इसमें 198 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस और 328 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। केबिन में 9-इंच स्मार्टप्ले प्रो प्लस टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 360-डिग्री कैमरा और सेगमेंट-फर्स्ट हेड्स-अप डिस्प्ले जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) और हिल होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं। कंपनी फिलहाल ब्रेज़ा के अपडेट वर्जन पर काम कर रही है, जिसमें हल्के कॉस्मेटिक बदलाव, अंडरबॉडी सीएनजी टैंक पोजिशनिंग और 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स शामिल हो सकते हैं।

इस उपलब्धि पर कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग और सेल्स) पार्थो बनर्जी ने कहा कि “ब्रेज़ा ने भारत में एसयूवी के चलन को और मजबूत बनाया है। इसे नए जमाने के ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अपने दमदार एसयूवी लुक और ज्यादा फीचर्स वाले केबिन के कारण हर नए मॉडल के साथ इसने ग्राहकों की उम्मीदों को और बढ़ाया है।”