मारूति सुजुकी बलेनो को भारत में 2015 में लॉन्च किया गया था और अब इसकी बिक्री 10 लाख यूनिट के आंकड़े को पार कर गई है
मारुति सुजुकी बलेनो को भारत में पहली बार साल 2015 में लॉन्च किया गया था और यह कई बार मासिक बिक्री की सूची में सबसे ज्यादा बिकने वाली प्रीमियम हैचबैक बनकर उभरती रही है। अब ब्रांड ने भारत में बलेनो की 10 लाख यूनिट की बिक्री के आंकड़े को पार कर लिया है, जो कि एक बड़ी उपलब्धि है।
साल 2015 में लॉन्च होने के एक साल के भीतर ही इस प्रीमियम हैचबैक की 1 लाख यूनिट की बिक्री 2016 में पूरी हो गई थी, जबकि 2018 में इसकी 5 लाख यूनिट की बिक्री हुई थी। इसी तरह दिसंबर 2019 में यह आंकड़ा 7 लाख यूनिट तक पहुंच गया था, जबकि मारुति सुजुकी ने मई 2020 से अक्टूबर 2021 के बीच 2.5 लाख यूनिट्स की बिक्री की है।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (मार्केटिंग और सेल्स) शशांक श्रीवास्तव ने इस अवसर पर कहा कि लॉन्च के बाद से बलेनो ने प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में अद्वितीय नेतृत्व का आनंद लिया है और डिजाइन, सुरक्षा और नवाचार में नए मानक स्थापित किए हैं। बलेनो की 10 लाख यूनिट की बिक्री हमारे लिए पुरस्कार है और हम अपने सभी खरीददारों को इसके लिए धन्यवाद देते हैं।
मारूति बलेनो में पर्याप्त मात्रा में केबिन स्पेस दिया गया है और यह वर्तमान में मारुति सुजुकी की सबसे बड़ी हैचबैक है। इसमें 165 मिमी का ग्राउंड क्लियरेंस और 2,520 मिमी का व्हीलबेस दिया गया है, जबकि पीछे की सीटें बड़ी हैं और पर्याप्त लेग स्पेस है। इसके बूट स्पेस की क्षमता 339 लीटर है और इसमें 60:40 रेसियो वाली स्प्लिट-फोल्डिंग सीटें भी दी गई है।
फीचर्स के रूप में बलेनो को एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ 7-इंच स्मार्टप्ले टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कीलेस एंट्री, इंजन को स्टार्ट/स्टॉप करने के लिए पुश-बटन, मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, मल्टी-इनफॉर्मेशन डिस्प्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, एलईडी हेडलैम्प्स आदि दिया गया है, जबकि यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें रियर पार्किंग सेंसर्स, एबीएस के साथ ईबीडी, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट एंकर और ड्यूल फ्रंट एयरबैग आदि है।
मारुति सुजुकी बलेनो को दो पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ पेश करती है। दोनों की क्षमता 1.2-लीटर है, जो कि चार सिलेंडर के साथ आते हैं। वीवीटी इंजन 83 पीएस की पावर और 113 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन्न करता है और इसे 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स व CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ पेश किया गया है। मैनुअल गियरबॉक्स वाले इंजन में 21.01 किमी प्रति लीटर के माइलेज का दावा है।
दूसरी ओर माइल्ड-हाइब्रिड डुअलजेट वाला पेट्रोल इंजन 90 पीएस की पावर और 113 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। यह इंजन केवल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है और इसके साथ 23.78 किमी प्रति लीटर के माइलेज का दावा है। वर्तमान में माइल्ड-हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आने वाली बलेनो ही एकमात्र प्रीमियम हैचबैक है और इसका मुकाबला हुंडई आई20, टाटा अल्ट्रोज, होंडा जैज और फॉक्सवैगन पोलो जैसी कारों से है। अगले साल कंपनी बलेनो फेसलिफ्ट को भी लॉन्च करने जा रही है।