उम्मीद की जा रही है कि मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) 5-डोर वाली जिम्नी ऑफ-रोडर, सात-सीटर वैगन आर हैचबैक और एक मिड-साइज़ एसयूवी लॉन्च करेगी
घरेलू निर्माता मारूति सुजुकी (Maruti Suzuki) भारत के लिए कई नई कारों पर कार्य कर रही है। हाल ही सामने आई एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी अगले दो साल में भारत में चार शानदार मॉडल पेश करेगी, जिनमें दो एसयूवी और एक यूटिलिटी व्हीकल स्टाइल-हैचबैक और इलेक्ट्रिक कार शामिल हैं।
हाल में मारूति सुजुकी ने अपनी जिम्नी (Maruti Suzuki Jimny) के लिए CKD किट भी भारत लाई है और भारत में ग्लोबल बाजारों के लिए भी जिम्नी की 4,000 से 5,000 यूनिट का निर्माण करेगी। दरअसल रिपोर्ट का कहना है कि मारुति सुजुकी अगले 24 महीनों में नए वाहनों की एक सीरीज शुरू करने पर काम कर रही है।
रिपोर्ट के अनुसार मारुति सुजुकी की भारतीय पाइपलाइन में ऑफ-रोडर एसयूवी जिम्नी, एक नई मिड-साइज एसयूवी और XL5 नाम से यूटिलिटी-वीइकल स्टाइल वाली हैचबैक कार है। XL5 मूलरूप से भारत में लोकप्रिय हैचबैक वैगनआर पर बेस्ड होगी। इस कार को तीन लाइन में सीट्स मिलने की उम्मीद है और इसे मारुति की प्रीमियम डीलरशिप नेक्सा से बेचा जाएगा।

इसके विपरीत ऑफ-रोडर एसयूवी जिम्नी भारत में 5-डोर मॉडल होगी और इसका व्हीलबेस ज्यादा लंबा होगा। मार्केट में इसकी टक्कर महिंद्रा थार से होगी। इस एसयूवी को भी नेक्सा डीलरशिप के माध्यम से बेचा जाएगा। जिम्नी एसयूवी भारत में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन से संचालित हो सकती है, जो 103bhp की पावर और 138Nm टॉर्क जेनरेट करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैन्युअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के ऑप्शन होंगे। इस ऑफ-रोडर SUV में सुजुकी को अडवांस्ड ऑल-ग्रिप 4×4 सिस्टम मिल सकता है।
कंपनी की पाइपलाइन में नई मिड-साइज एसयूवी भी है, जिसे टोयोटा के DNGA प्लैटफॉर्म पर डेवलप किया जाएगा। इसी प्लेटफार्म पर टोयोटा की कॉम्पैक्ट एसयूवी Raize भी डेडलप हुई है। इस नए मॉडल को साल 2022 की पहली छमाही में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है और इसका मुकालबा हुंडई क्रेटा और किआ सेल्टोस से होगा। इस मिड-साइज एसयूवी को भी जिम्नी के साथ नेक्सा के माध्यम से बेचा जाएगा।
आपको बता दें कि मारूति सुजुकी उपर्युक्त तीनों कारों के अलावा मारुति 800सीसी पर भी कार्य कर रही है और संभवतः यह ऑल्टो को भारत में रिप्लेस करेगी, जबकि भारतीय बाजार के लिए एक इलेक्ट्रिक कार भी लाने की उम्मीद है । इसके अलावा मारुति सुजुकी इस महीने अपनी क्रॉसओवर एसयूवी एस-क्रॉस का पेट्रोल मॉडल लॉन्च करेगी।