भारत में पहली बार Maruti Jimny SUV टेस्टिंग के दौरान आई नज़र

मारुति जिम्नी SUV को पहली बार भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जो कि जिप्सी प्रेमियों के लिए वास्तव में रोमांचक खबर है

भारत में मारूति सुजुकी जिम्नी (Maruti Jimny SUV) लगता है अब अपने लॉन्च के करीब है और इसे भारत में पहली बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। हालांकि अभी इस ऑफरोडर एसयूवी की लॉन्च कोई डेडलाइन नहीं दी गई है, लेकिन यह तो तय है कि भारत में 5 डोर जिम्नी को लॉन्च किया जाएगा। भारत में नई मारुति जिम्नी के तस्वीरों और वीडियो को यूट्यूब चैनल Kar DIY ने अपलोड किया है। नई मारूति जिम्नी को टेस्टिंग के दौरान मारुति के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के पास गुड़गांव के मानेसर में देखा गया है, जो कि व्हाइट कलर में है।

तस्वीरों से स्पष्ट है कि नई जिम्नी भारत में नई महिंद्रा थार की मजबूत और आदर्श कॉम्पिटेटर है। बता दें कि भारत में देखी गई जिम्नी 3 डोर एडिशन है। भारत में नई जिम्नी हाल ही में बंद हुई मारुति जिप्सी की जगह लेगी। इस कार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुजुकी जिम्नी के रूप में केवल 3 डोर एडिशन में पेश किया जाता है, जबकि भारत में इसे 5 डोर एडिशन में संभवतः 2023 में लॉन्च किया जाएगा।

3 डोर एडिशन को यहां से साल 2021 से एक्सपोर्ट किया जा सकता है। हालांकि अभी इसकी पूष्टि होना बाकी है और हो सकता है कि भारत में नई थार की लोकप्रियता को देखते हुए 3 डोर एडिशन को लॉन्च करने का मन बना लिया है। हालांकि यह केवल कयास भर है। मारूति की ओर से अधिकारिक घोषणा किया जाना बाकी है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि टेस्टिंग म़ॉडल की तस्वीर के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी है, जिससे यह भी नोटिस कि. जा सकता है कि जिम्नी के पास अच्छा पिकअप है। नई मारुति जिम्नी K15B, 1.5 लीटर, 4 सिलेंडर पेट्रोल इंजन से संचालित हो सकती है जो 6,000 आरपीएम पर 102 पीएस की पावर और 4,000 आरपीएम पर 130 एनएम टॉर्क जेनरेट कर सकता है।

यह इंजन मारुति Ciaz, Ertiga, Brezza, XL6 में भी ड्यूटी पर है और जिम्नी में 5 स्पीड मैनुअल या 4जी ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ हो सकता है। जिम्नी को 2WD के साथ ही 4 × 4 ड्राइव मोड के साथ पेश किया गया है। भारत में जिम्नी का रोड टेस्ट देखना एसयूवी के शौकीनों के लिए निश्चित रूप से एक रोमांचक खबर है, क्योंकि आज भी जिप्सी ब्रांड के हजारों प्रशंसक हैं।

भारत में जिम्नी को नई मारुति जिप्सी ब्रांड के रूप में पेश किया जाएगा। भारत में जिप्सी साल 1985 से लेकर लगतार 33 साल तक उत्पादन में रही है और यह कंपनी के शुरुआती मॉडल में से एक रही है, जिसमें मारुति 800 और ओमनी वैन भी शामिल था। जिप्सी के बंद होने का मुख्य कारण सेफ्टी और क्रैश टेस्ट का पालन नहीं करना था।

SOURCE