2026 में महिंद्रा की 3 बड़ी एसयूवी भारतीय बाजार में देंगी दस्तक

Mahindra Scorpio N Facelift (3)

महिंद्रा जनवरी 2026 में XUV 7XO को लॉन्च करेगी, जिसमें XUV 700 के मुकाबले कई नए फीचर्स दिए जाएंगे

महिंद्रा ने इस साल भारतीय बाजार में कई जबरदस्त लॉन्च किये हैं और यह सिलसिला 2026 तक जारी रहने वाला है। कंपनी ने अगले साल कई नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बनाई है, जिनमें से तीन बड़ी एसयूवी होंगी, जो कार प्रेमियों और प्रीमियम फैमिली ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की जाएंगी। अगले साल महिंद्रा की पहली बड़ी एसयूवी XUV 7XO लॉन्च होगी, जो मौजूदा XUV 700 का फेसलिफ्ट वर्जन होगा।

कंपनी इस नई फ्लैगशिप आईसीई एसयूवी को 5 जनवरी को लॉन्च करने की योजना बना रही है और इसके लिए 21,000 रुपये की टोकन राशि पर प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। XUV 7XO में ज्यादा आकर्षक एक्सटीरियर मिलेगा, जिसमें शार्प हेडलैंप्स, नया सिक्स-स्लॉट अपर ग्रिल, रीडिज़ाइन बंपर, बड़े 19-इंच अलॉय व्हील्स और XEV 9S जैसे तकनीकी लुक वाले टेललैंप्स शामिल होंगे।

इसके इंटीरियर में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जहाँ नया डैशबोर्ड, तीन 12.3-इंच की डिस्प्ले स्क्रीन, टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और नया ब्राउन कलर थीम दी जाएगी। इसमें 6-वे पावर फ्रंट पैसेंजर सीट के साथ पावर बॉस मोड कन्फर्म किया गया है, जबकि AR HUD, वेंटिलेटेड सेकंड-रो सीट्स और फ्रंट व रियर दोनों के लिए ड्यूल वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है। इंजन और ट्रांसमिशन के मामले में इसमें XUV 700 वाले ही विकल्प दिए जाएंगे।

Mahindra XUV 7XO (12)

इसके बाद महिंद्रा Scorpio-N का फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च होगा, जिसे कंपनी ने 2022 में पेश किया था। फेसलिफ्टेड स्कॉर्पियो-एन में नए बंपर्स, बदला हुआ हेडलैंप ग्राफिक्स, नया सिक्स-स्लॉट ग्रिल और 17-इंच के नए अलॉय व्हील्स मिलने की उम्मीद है। केबिन में 10.25-इंच की नई डिस्प्ले स्क्रीन, नए ट्रिम मटीरियल और नया कलर स्कीम दिया जा सकता है, जबकि इंजन और गियरबॉक्स में किसी बदलाव की संभावना नहीं है।

वहीं, थार का फेसलिफ्ट लॉन्च करने के सिर्फ दो महीने बाद ही महिंद्रा ने इसके टू-डोर वर्जन के लिए एक और कॉस्मेटिक अपडेट पर काम शुरू कर दिया है। थार का दूसरा फेसलिफ्ट डिजाइन के मामले में ज्यादा बड़ा बदलाव लेकर आएगा, जिसमें बाय-एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, नया सिक्स-स्लॉट ग्रिल और बड़े 19-इंच अलॉय व्हील्स शामिल होंगे, जो थार रॉक्स से प्रेरित हो सकते हैं।

Mahindra Scorpio N Facelift (2)

इसके अलावा, नई थार में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर-फोल्डिंग ORVMs, पैसिव कीलेस एंट्री, ऑटो-डिमिंग IRVM और वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर जैसे कंफर्ट फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इंजन और ट्रांसमिशन में किसी बदलाव की संभावना नहीं है।