अप्रैल 2022 में महिंद्रा एक्सयूवी700 की बिक्री हुई 4,400 यूनिट के पार

mahindra xuv700-24

अप्रैल 2022 में महिंद्रा एक्सयूवी700 कुल मिलाकर 4,494 यूनिट की बिक्री के साथ बोलेरो के बाद ब्रांड की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही है

भारत की दिग्गज कार निर्माता कंपनी महिंद्रा ने अप्रैल 2022 में भारतीय बाजार में कुल मिलाकर 22,526 यूनिट की बिक्री की है, जो अप्रैल 2021 में बेची गई 18,285 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 23.19 प्रतिशत की वृद्धि है। इसके मुकाबले महिंद्रा ने मार्च 2022 में 27,386 यूनिट की बिक्री की थी। इस तरह कंपनी ने अपनी बिक्री में मासिक आधार पर 19 फीसदी की गिरावट दर्ज की है।

पिछले साल फेस्टिव सीजन में लॉन्च होने के बाद से ही महिंद्रा के लिए एक्सयूवी700 अच्छी बिक्री कर रही है, जो अप्रैल 2022 में भी जारी रही है। अप्रैल 2022 में महिंद्रा ने एक्सयूवी700 की कुल मिलाकर 4,494 यूनिट की बिक्री की है। इस बिक्री के साथ एक्सयूवी700 बोलेरो (7,686 यूनिट) के बाद पिछले महीने महिंद्रा की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनकर उभरी है।

हालाँकि एक्सयूवी700 की बिक्री में मासिक आधार पर 26 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है, क्योंकि मार्च 2022 में कंपनी ने इसकी 6,040 यूनिट की बिक्री की थी। एक्सयूवी700 की बिक्री में गिरावट का कारण सेमीकंडक्टर की वैश्विक कमी को माना जा रहा है, जिसकी वजह से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इसकी वजह से एक्सयूवी700 की प्रतिक्षा अवधि भी 20 महीने तक जा रही है।Mahindra XUV700खरीददारों के लिए यह कार 5-सीटर और 7-सीटर वेरिएंट में उपलब्ध है और इसे मुख्य रूप से एमएक्स, एएक्स3, एएक्स5 और एएक्स7 के साथ चार वेरिएंट में बेचा जाता है। हाल ही में महिंद्रा ने एक्सयूवी700 की कीमत में 78,000 रूपए तक की वृद्धि की है। अब इसके पेट्रोल वर्जन की कीमत 13.18 लाख रूपए से लेकर 22.75 लाख रूपए है, वहीं डीजल वेरिएंट 13.69 लाख रूपए से लेकर 24.58 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध है।

महिंद्रा एक्सयूवी700 को फीचर्स के रूप में 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ड्यूल ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरैमिक सनरूफ, 360 डिग्री कैमरा, लेवल 1 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) आदि दिए गए हैं, जिसमें इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट और अडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हैं। यह कार 7 एयरबैग्स और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक से भी लैस की गई है।Mahindra XUV700-15महिंद्रा एक्सयूवी700 को पावर देने के लिए 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन (200 पीएस/380 एनएम) और 2.2-लीटर डीजल (185 पीएस/ 450 एनएम) के साथ दो इंजन विकल्प दिए गए हैं। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स शामिल है। इसे ऑल-व्हील ड्राइवट्रेन का विकल्प भी दिया गया है। भारत में इसका मुकाबला एमजी हेक्टर, टाटा हैरियर, जीप कंपास, टाटा सफारी जैसी कारों से है।

महिंद्रा भारत में जल्द ही स्कॉर्पियो के नए जेनरेशन को भी लॉन्च करने वाली है और हाल ही में कंपनी ने इसके कई टीजर को जारी किया है। नई स्कॉर्पियो के एक्सटीरियर और इंटीरियर में बड़े पैमाने पर बदलाव होंगे और इसे नए फीचर्स की एक पूरी सीरीज मिलेगी। इसके अलावा महिंद्रा देश में जुलाई 2022 में तीन नई इलेक्ट्रिक कारों के कॉन्सेप्ट का अनावरण करेगी।