महिंद्रा ने भारत में एक्सयूवी700 की 14000 यूनिट की डिलीवर

महिंद्रा एक्सयूवी700 की डिलीवरी अक्टूबर 2021 में शुरू की गई थी और कंपनी केवल 90 दिनों में इसकी 14,000 यूनिट की डिलीवरी कर चुकी है

महिंद्रा ने भारत में अपनी बहुप्रतिक्षित एक्सयूवी700 को 2021 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लॉन्च किया था। हालाँकि कंपनी ने इसकी डिलीवरी अक्टूबर 2021 से शुरू की थी। अब कंपनी ने कहा है कि एक्सयूवी700 की 14,000 यूनिट की डिलीवरी का आकड़ा पार हो गया है। कंपनी ने यह उपलब्धि केवल 90 दिनों में हासिल की है, जो सेमीकंडक्टर की वैश्विक कमी के बीच अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

बता दें कि एक्सयूवी700 पिछले साल की सबसे बड़ी लॉन्च मे से एक थी और यह खरीददारों के लिए 5-सीटर और 7-सीटर दोनों वेरिएंट में उपलब्ध है। इस तरह इस एसयूवी का 5-सीटर वेरिएंट जहां टाटा हैरियर, एमजी हेक्टर और जीप कंपास के मुकाबले है, वहीं 7-सीटर वेरिएंट एमजी हेक्टर प्लस, टाटा सफारी और हुंडई अलकाजार जैसी कारों से मुकाबला करता है।

वर्तमान में एक्सयूवी700 की कीमत 12.96 लाख रूपए से लेकर 23.79 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक है। यह एक आकर्षक लुक वाली मस्क्यूलर एसयूवी है और इसके फ्रंट में आकर्षक एलईडी डीआरएल, ब्लैक कलर की फ्रंट ग्रिल, बॉडी-इंटीग्रेटेड डोर हैंडल, बड़े व्हील आर्च, स्पोर्टी अलॉय डिज़ाइन और प्रभावशाली बॉडी कैरेक्टर लाइन आदि है।Mahindra XUV700एक्सटेरियर के साथ-साथ इसका इंटीरियर भी काफी प्रभावशाली है और इसे 10.25-इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, समान आकार वाला डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 70 कनेक्टेड फीचर्स के साथ एड्रेनोएक्स कनेक्ट, मेमोरी के साथ सिक्स-वे पावर ड्राइवर सीट, 360-डिग्री कैमरा, सोनी 3D साउंड, वायरलेस चार्जिंग के साथ-साथ और भी बहुत कुछ दिए गए हैं।

भारत में एक्सयूवी700 NCAP-क्रैश टेस्ट में 5-स्टार पाने वाली चुनिंदा कारों में से एक है और यह एडवांस ड्राइवर असिस्ट सिस्टम (ADAS) के साथ आती है, जो सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करती है। इसके तहत एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, हाई बीम असिस्ट, ट्रैफिक सिघ रिकॉग्निशन, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे फीचर्स आते हैं। यह कार डुअल एयरबैग, ABS और ISOFIX एंकरेज से भी लैस है।Mahindra XUV700-15

महिंद्रा एक्सयूवी को भारत में 2.0-लीटर टर्बो जीडीआई एमस्टैलियन पेट्रोल और 2.2-लीटर, mHawk टर्बो डीजल इंजन के साथ दो विकल्पो में पेश किया गया है, जिसमें पहला यूनिट एमएक्स सीरीज में 195 बीएचपी की पावर और 380 न्यूटन मीटर का टार्क उत्पन्न करता है, जबकि दूसरा यूनिट 153 बीएचपी की पावर और 360 न्यूटन मीटर का टार्क विकसित करता है।

इसके अलावा एएक्स सीरीज में एसयूवी का डीजल यूनिट 182 बीएचपी का पावर उत्पन्न करता है और मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ 420 एनएम का टार्क व ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन बॉक्स के साथ 450 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन्न करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स शामिल है, जबकि टॉप डीजल वेरिएंट को ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम भी दिया गया है।