भारत में महिंद्रा की आगामी XUV300 आधारित इलेक्ट्रिक वाहन 2023 में लॉन्च होगी और इसे संभवतः ‘eXUV300’ या ‘XUV400’ नाम मिल सकता है
महिंद्रा भारत में कई नए इलेक्ट्रिक वाहनों को पेश करने की योजना बना रही है और आगामी जुलाई 2022 में कंपनी तीन नए इलेक्ट्रिक वाहनों के कॉन्सेप्ट का अनावरण करने जा रही है, जिस पर आधारित वाहनों को देश में आने वाले सालों में पेश किया जाएगा। इसके अलावा कंपनी ने 2020 ऑटो एक्सपो में eXUV300 कॉन्सेप्ट का अनावरण किया था, जो वास्तव में एक्सयूवी300 का फुली इलेक्ट्रिक वर्जन है।
हालाँकि कंपनी की ओर से अभी इसके प्रोडक्शन वर्जन की लॉन्च की तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन निर्माता का कहना है कि इसे भारत में अगले साल लॉन्च किया जा सकता है। पिछले साल महिंद्रा ने कहा था कि वह 2027 तक भारतीय बाजार में 16 ईवी लॉन्च करेगी और इस योजना में आठ यात्री ईवी और आठ लाइट कमर्शियल वाहन (एलसीवी) शामिल हैं।
इस साल की शुरुआत में महिंद्रा समूह के एमडी और सीईओ अनीश शाह ने खुलासा किया था कि महिंद्रा eXUV300 को 2023 में लॉन्च किया जाना है। इसे देश में XUV400 के नाम से लॉन्च किया जा सकता है, जिसके नाम का ट्रेडमार्क पहले ही कंपनी ने करा लिया है। इस तरह यह नाम कार को इसके रेग्यूलर डीजल-पेट्रोल से अलग करने में मदद करेगा।
भारत में महिंद्रा एक्सयूवी300 को दो बैटरी विकल्पों के साथ पेश करने की उम्मीद है और इसकी कीमत रेग्यूलर मॉडल की तुलना में ज्यादा होगा। वर्तमान में इसे 8.41 लाख रूपए से लेकर 14.07 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए की कीमत में बेचा जाता है और भारत में लॉन्च होने पर इसका मुकाबला टाटा नेक्सन ईवी से होगा। यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि कंपनी एक्सयूवी300 के फेसलिफ्ट अवतार को भारत में अगले साल की शुरुआत में लॉन्च कर सकती है।
महिंद्रा भारत में eXUV300 से पहले केयूवी100 के इलेक्ट्रिक वर्जन को पेश करेगी। कंपनी ने ऑटो एक्सपो 2020 में इसे भी प्रदर्शित किया था। खबरों की मानें तो अब केयूवी इलेक्ट्रिक का विकास अपने अंतिम चरण में है और इसे भारत में इस साल के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है। यह कार भारत में लॉन्च होने पर देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार बन सकती है।
इसके अलावा महिंद्रा जुलाई में बॉर्न ईवी प्लेटफॉर्म पर आधारित जिन नए वाहनों के कॉन्सेप्ट का अनावरण करने जा रही है, उसमें एक कॉम्पैक्ट एसयूवी, एक मध्यम आकार की एसयूवी और एक बड़ी कूप-स्टाइल एसयूवी शामिल होगी। इन वाहनों के प्रोडक्शन वर्जन को आने वाले सालों में भारत में लॉन्च किया जाएगा।