Home कार न्यूज़ Mahindra XUV 7XO की जबरदस्त मांग, डिलीवरी के लिए करना होगा लंबा...

Mahindra XUV 7XO की जबरदस्त मांग, डिलीवरी के लिए करना होगा लंबा इंतज़ार

Mahindra XUV 7XO (13)

वेरिएंट के आधार पर Mahindra XUV 7XO की डिलीवरी के लिए 4 हफ्तों से लेकर अधिकतम 12 महीनों तक का इंतज़ार करना होगा

महिंद्रा ने इस महीने के मध्य में घरेलू बाजार में XUV 7XO की बुकिंग शुरू की है। ग्राहक ऑनलाइन और अधिकृत डीलरशिप के जरिए 21,000 रुपये की राशि पर बुकिंग कर सकते हैं। कुछ चुनिंदा वेरिएंट्स के लिए डिलीवरी पहले ही शुरू हो चुकी है। टॉप-स्पेक AX7, AX7T और AX7L वेरिएंट्स की डिलीवरी पहले शुरू हुई है, जबकि AX, AX3 और AX5 वेरिएंट्स के ग्राहकों को अप्रैल 2026 तक इंतजार करना होगा।

लॉन्च के पहले दिन से ही इस SUV की डिमांड बेहद मजबूत रही है। महिंद्रा ने पुष्टि की है कि बुकिंग के पहले ही दिन दोपहर 2 बजे तक XUV 7XO और XEV 9S को मिलाकर कुल 93,689 बुकिंग्स हो चुकी थीं। एक्स-शोरूम कीमतों के आधार पर यह 20,500 करोड़ से अधिक के बुकिंग वैल्यू के बराबर है, जो दर्शाता है कि यह SUV ग्राहकों के बीच कितनी लोकप्रिय हो चुकी है।

महिंद्रा XUV 7XO का वेटिंग पीरियड वेरिएंट, इंजन और ड्राइवट्रेन के अनुसार 4 हफ्तों से लेकर 12 महीनों तक है। सबसे ज्यादा इंतजार एंट्री-लेवल AX वेरिएंट के लिए करना पड़ रहा है। पेट्रोल और डीजल मैनुअल AX वेरिएंट्स पर 12 महीने तक का वेटिंग पीरियड बताया जा रहा है। इस ट्रिम में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स उपलब्ध नहीं है।

Mahindra XUV 7XO (16)

AX3 और AX5 मिड-स्पेक वेरिएंट्स के लिए पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन ऑप्शन्स में लगभग 5 महीने का वेटिंग पीरियड देखा जा रहा है। वहीं AX7 वेरिएंट्स की डिलीवरी अपेक्षाकृत जल्दी हो रही है। पेट्रोल मैनुअल और ऑटोमैटिक मॉडल्स के लिए लगभग 4 हफ्ते, जबकि डीजल वेरिएंट्स के लिए करीब 6 हफ्ते का समय लग सकता है।

टॉप-एंड AX7L वेरिएंट के लिए वेटिंग पीरियड थोड़ा ज्यादा है। पेट्रोल ऑटोमैटिक वर्जन के लिए करीब 4 महीने, जबकि डीजल वेरिएंट्स, जिनमें इस ट्रिम के लिए एक्सक्लूसिव AWD ऑटोमैटिक भी शामिल है, के लिए लगभग 6 महीने का इंतजार करना पड़ सकता है। महिंद्रा ने साफ किया है कि वेटिंग पीरियड डीलर स्टॉक और लोकेशन के अनुसार बदल सकता है और फाइनल डिलीवरी टाइमलाइन बुकिंग के बाद ही कन्फर्म होती है।

Mahindra XUV 7XO (15)

XUV 7XO का डिज़ाइन XUV 700 से मिलता-जुलता है, लेकिन इसमें कुछ नए और बेहतर बदलाव किए गए हैं। इसका इंटीरियर पूरी तरह नया है और इसमें मॉडर्न डिजाइन के साथ स्टैंडर्ड ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप दिया गया है। गाड़ी के सस्पेंशन सिस्टम को भी बेहतर बनाया गया है, जिससे ड्राइविंग ज्यादा आरामदायक होगी। हालांकि, इंजन पहले जैसे ही रखे गए हैं, जिनमें 2.0 लीटर पेट्रोल और 2.2-लीटर डीज़ल इंजन शामिल हैं, जो 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आते हैं।