
महिंद्रा XUV 7XO के AX7, AX7T और AX7L वेरिएंट्स की डिलीवरी 14 जनवरी 2026 से शुरू होगी, जबकि अन्य वेरिएंट्स की डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होगी
कुछ दिन पहले ही महिंद्रा ने भारत में XUV 7XO को 13.66 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है। यह इंट्रोडक्टरी कीमत केवल पहले 40,000 यूनिट्स के लिए मान्य होगी। इस SUV की बुकिंग ऑनलाइन और डीलरशिप पर 21,000 रुपये की टोकन राशि के साथ शुरू हो चुकी है। इसे कई पावरट्रेन, सीटिंग और ड्राइवट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया गया है। चुनिंदा वेरिएंट्स की डिलीवरी 14 जनवरी 2026 से शुरू होगी, जबकि बाकी वेरिएंट्स को बाद में उपलब्ध कराया जाएगा।
महिंद्रा XUV 7XO को AX, AX3, AX5, AX7, AX7T और AX7L वेरिएंट्स में पेश किया गया है, जिसमें 6-सीटर और 7-सीटर लेआउट का विकल्प मिलता है। इस एसयूवी में पेट्रोल और डीज़ल दोनों इंजन उपलब्ध हैं। इसमें 2.0-लीटर mStallion TGDi पेट्रोल और 2.2-लीटर mHawk डीज़ल इंजन दिए गए हैं, जिन्हें 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। चुनिंदा डीज़ल वेरिएंट्स में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी मिलता है।
कीमत की बात करें तो AX पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट की कीमत 13.66 लाख से शुरू होती है, जबकि डीज़ल मैनुअल की शुरुआती कीमत 14.96 लाख रुपये है। AX3 और AX5 वेरिएंट्स की कीमत 16.02 लाख से 17.99 लाख के बीच है। AX7 वेरिएंट की कीमत 18.48 लाख से शुरू होकर AX7L 6-सीटर डीज़ल ऑटोमैटिक के लिए 24.11 लाख तक जाती है। ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के लिए 1.45 लाख और AWD के लिए 2.45 लाख अतिरिक्त देने होंगे।

महिंद्रा XUV 7XO की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। AX7, AX7T और AX7L वेरिएंट्स की डिलीवरी सबसे पहले 14 जनवरी 2026 से प्री-बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को मिलेगी। वहीं AX, AX3 और AX5 वेरिएंट्स की डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होगी। एसयूवी के बेस वेरिएंट से ही इसमें कई शानदार फीचर्स दिए गए हैं।
महिंद्रा XUV 7XO के AX बेस वेरिएंट में 31.24 सेमी की ट्रिपल HD स्क्रीन, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले,
Alexa के साथ ChatGPT इंटीग्रेशन, क्रूज़ कंट्रोल, पुश-बटन स्टार्ट और छह एयरबैग सहित 75 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा ADRENOX कनेक्टेड टेक्नोलॉजी सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड है।

टॉप वेरिएंट्स में और भी प्रीमियम फीचर्स मिलते हैं, जिनमें 16-स्पीकर Harman Kardon ऑडियो सिस्टम (Dolby Vision और Dolby Atmos के साथ), 540-डिग्री कैमरा, लेवल-2 ADAS, फ्रंट और रियर वेंटिलेटेड सीट्स, पावर्ड ड्राइवर और को-ड्राइवर सीट्स (मेमोरी और बॉस मोड के साथ), वायरलेस चार्जर, एम्बिएंट लाइटिंग और इलेक्ट्रोक्रोमिक IRVM शामिल हैं।
XUV 7XO में नई DAVINCI वाल्व-बेस्ड डैम्पिंग सस्पेंशन टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जो फ्रंट में मैकफर्सन स्ट्रट और रियर में मल्टी-लिंक सस्पेंशन के साथ काम करती है। इसमें Zip, Zap और Zoom ड्राइव मोड्स के साथ कस्टम मोड भी मिलता है, जो केवल डीजल में मिलते हैं। महिंद्रा का दावा है कि इस SUV में 120 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें 7 एयरबैग, लेवल-2 ADAS, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, TPMS और डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग शामिल हैं।