
महिंद्रा XUV 3XO REVX सीरीज़ में शानदार नया एक्सटीरियर और प्रीमियम इंटीरियर मिलता है
महिंद्रा ने XUV 3XO की रेंज का विस्तार करते हुए नई ‘REVX’ सीरीज़ लॉन्च कर दी है, जिसकी शुरुआती कीमत 8.94 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। महिंद्रा XUV 3XO की नई REVX सीरीज़ में तीन वेरिएंट्स शामिल हैं, जिनमें REVX M, REVX M (O) और REVX A शामिल हैं। REVX M वैरिएंट 1.2L mStallion TCMPFi इंजन द्वारा संचालित है जो 110 एचपी की पावर और 200 Nm का टॉर्क देता है।
बाहर की तरफ़, REVX M ट्रिम में किए गए बदलावों में बॉडी-कलर फ्रंट ग्रिल, ब्लैक व्हील कवर, दोनों सिरों पर LED लाइटिंग और डुअल-टोन रूफ फ़िनिश शामिल हैं। वहीं इंटीरियर में 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री, रियर एसी वेंट, 60:40 स्प्लिट रियर सीटें और चार स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम शामिल है, साथ ही इसमें इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड, छह एयरबैग, चारों डिस्क ब्रेक और ISOFIX एंकर पॉइंट जैसे प्रमुख सुरक्षा फीचर भी हैं।
REVX M (O) वेरिएंट की कीमत 9.44 लाख (एक्स-शोरूम) है। इसमें REVX M की तुलना में बड़ा अपडेट सिंगल-पैन सनरूफ है। पावर और ड्राइवट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन सनरूफ की वजह से यह थोड़ा प्रीमियम वेरिएंट बन जाता है। REVX A सबसे टॉप और फीचर-लोडेड वेरिएंट है, जिसकी कीमत 11.79 लाख रुपये (मैनुअल) और 12.99 लाख रुपये (ऑटोमैटिक) है।

इसमें ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर, टेक्नोलॉजी और सुविधाएं दी गई हैं। इस नई सीरीज़ के जरिए महिंद्रा युवाओं और बजट SUV खरीददारों को एक नया विकल्प देने की कोशिश कर रही है। इस ट्रिम में 1.2-लीटर mStallion TGDi टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 128 एचपी की पावर और 230 एनएम का टॉर्क विकसित करता है।
कुछ हाइलाइटिंग फीचर्स में पैनोरैमिक सनरूफ, इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए ट्विन 10.25-इंच स्क्रीन, क्रूज़ कंट्रोल, पुश-बटन स्टार्ट, ऑटो हेडलैंप और वाइपर और लेदर-ट्रिम स्टीयरिंग और गियर नॉब शामिल हैं। इसके अलावा वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, एलेक्सा के साथ एड्रेनॉक्स कनेक्टेड तकनीक और डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल के साथ-साथ 16-इंच ब्लैक-पेंटेड एलॉय व्हील्स, बाई-एलईडी प्रोजेक्टर और एलईडी टेल लैंप स्ट्रिप भी शामिल हैं।

तीनों वेरिएंट को 5 रंगो में ख़रीदा जा सकता है, जिनमें नेबुला ब्लू, गैलेक्सी ग्रे, स्टील्थ ब्लैक, एवरेस्ट व्हाइट और टैंगो रेड शामिल हैं। एक लाख से ज़्यादा यूनिट की बिक्री के साथ, महिंद्रा XUV 3XO सबसे तेज़ी से बिकने वाली SUV बन गई है और नई REVX लाइनअप कॉम्पैक्ट SUV स्पेस में अपनी अपील को और मज़बूत करने की कोशिश करेगी।