
Mahindra XEV 9S में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और पैसेंजर एंटरटेनमेंट स्क्रीन के लिए 3-स्क्रीन सेटअप मिलेगा
महिंद्रा 27 नवंबर को भारत में अपनी नई ऑल-इलेक्ट्रिक फ्लैगशिप एसयूवी XEV 9S पेश करने जा रही है। इस एसयूवी में कई प्रीमियम फीचर्स और आधुनिक तकनीकें दी जाएंगी। कंपनी ने एक नया टीज़र जारी किया है जिसमें इसके शानदार इंटीरियर की झलक दिखाई गई है। टीज़र में यह पुष्टि हुई है कि इसमें Harman Kardon का 1,400 वॉट का 16-स्पीकर ऑडियो सिस्टम दिया जाएगा, जो Dolby Atmos तकनीक के साथ आता है।
यही सिस्टम XEV 9e और BE 6 में भी इस्तेमाल किया गया है। टीज़र से यह भी साफ हुआ है कि केबिन में डोर पैड्स, बटन लेआउट और सॉफ्ट-टच फिनिश पर खास ध्यान दिया गया है। XEV 9S में 7-सीटिंग सीटिंग लेआउट दिया गया है, जिसमें स्लाइड और रीक्लाइन होने वाली सीटें मिलेंगी, जिससे यात्रियों को अधिक आराम मिलेगा।
महिंद्रा XEV 9S का ग्लोबल डेब्यू 27 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले ‘Scream Electric’ इवेंट में होगा। यह कंपनी की पहली ऑल-इलेक्ट्रिक 7-सीटर एसयूवी होगी, जिसे ब्रांड के INGLO प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। यही प्लेटफॉर्म XEV 9e और BE 6 में भी इस्तेमाल किया गया है। इस प्लेटफॉर्म को बेहतर वज़न संतुलन, कुशल परफॉर्मेंस और ज्यादा इंटीरियर स्पेस देने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

इंटीरियर की बात करें तो, महिंद्रा XEV 9S में एक आधुनिक और प्रीमियम केबिन मिलेगा, जिसमें तीन बड़े डिजिटल डिस्प्ले होंगे। जिनमें ड्राइवर इंफॉर्मेशन स्क्रीन, सेंट्रल इंफोटेनमेंट सिस्टम और पैसेंजर डिस्प्ले शामिल होगी। इसके अलावा, इसमें फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, स्लीक गियर सेलेक्टर, और लगभग पूरी छत तक फैला हुआ पैनोरैमिक सनरूफ दिया गया है।
कम्फर्ट फीचर्स की बात करें तो इसमें मल्टी-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, हीटेड और वेंटिलेटेड सीटें, मेमोरी फंक्शन, एडजस्टेबल हेडरेस्ट और सेंट्रल आर्मरेस्ट जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसके INGLO प्लेटफॉर्म में वही बैटरी और ड्राइवट्रेन तकनीक होगी जो BE 6 और XEV 9e में दी गई है। जिनमें 59 kWh LFP बैटरी पैक और 79 kWh LFP बैटरी पैक शामिल है।

महिंद्रा XEV 9S की रेंज 500 किमी से अधिक बताई जा रही है, साथ ही इसमें अल्ट्रा-फास्ट डीसी चार्जिंग और बाईडायरेक्शनल चार्जिंग की सुविधा भी होगी। इसका डिज़ाइन XUV.e8 कॉन्सेप्ट और XUV700 से प्रेरित है और इसमें ईवी के लिए खास स्टाइलिंग एलिमेंट्स का उपयोग किया गया है। इसके लॉन्च के बाद, महिंद्रा 2026 में कई नई इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च करेगी, जिनमें BE 6 आधारित Rall-E और अपडेटेड XUV700 शामिल हैं।