
महिंद्रा XEV 9S इलेक्ट्रिक एसयूवी का खुलासा 27 नवंबर, 2025 को होगा और इसमें ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप, रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन सहित कई फीचर्स मिलेंगे
महिंद्रा की फुल-साइज़ इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में नई एंट्री के रूप में XEV 9S को 27 नवंबर 2025 को बेंगलुरु में आधिकारिक रूप से पेश किया जाएगा। यह कंपनी की मौजूदा इलेक्ट्रिक गाड़ियों से ऊपर पोजिशन की जाएगी और उन ग्राहकों को टारगेट करेगी जो फैमिली के लिए ज्यादा जगह, लंबी रेंज और प्रीमियम टेक्नोलॉजी चाहते हैं।
डिज़ाइन की बात करें तो इस इलेक्ट्रिक एसयूवी के फ्रंट में लेयर्ड लैंप डिजाइन, अलग प्रोजेक्टर, फुल-विड्थ लाइट बार और बूमरैंग एलईडी सिग्नेचर दिए गए हैं। बंद ग्रिल और स्लीक बॉडी डिजाइन इसे महिंद्रा की इलेक्ट्रिक गाड़ियों में एक अलग पहचान देते हैं। अंदर केबिन में डैशबोर्ड पर फैला ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप मिलेगा, जो XEV 9e में देखे गए नए इलेक्ट्रिक डिजाइन से प्रेरित है।
इस एसयूवी में हल्के रंग का इंटीरियर, पतले एयर वेंट और ट्विन पीक्स लोगो वाला टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलेगा। महिंद्रा ने हाल ही में जारी टीज़र में बताया है कि इसमें दूसरी पंक्ति की सीटें बॉस मोड के साथ होंगी, जिन्हें पीछे की ओर झुकाया जा सकेगा। इसके अलावा इसमें बड़ी पैनोरैमिक ग्लास रूफ भी दी जाएगी, जिससे केबिन और ज्यादा खुला और प्रीमियम महसूस होगा।

लेटेस्ट टीज़र में दिखाया गया है कि रियर पैसेंजर्स के लिए BYOD सिस्टम मिलेगा, जिसमें वे अपनी टैबलेट या स्क्रीन को आसानी से लगाकर एंटरटेनमेंट का आनंद ले सकते हैं। इसके लिए सीट के पीछे कोई भारी सिस्टम फिट नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही कार में सामान्य बूट के अलावा आगे की तरफ फ्रंक यानी अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस भी मिलेगा। पीछे बैठने वालों के लिए एसी वेंट्स, सेंटर आर्मरेस्ट, कई जगह सामान रखने की सुविधा और कप होल्डर भी दिए जाएंगे, जिससे सफर और ज्यादा आरामदायक होगा।
महिंद्रा XEV 9S कंपनी के INGLO स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो पहले से BE 6 और XEV 9e में इस्तेमाल हो रहा है। यह प्लेटफॉर्म अलग-अलग बैटरी और मोटर कॉन्फिगरेशन को सपोर्ट करता है। हालांकि, 3-रो एसयूवी होने के कारण इसका वजन और आकार ज्यादा होगा, जिससे परफॉर्मेंस और एफिशिएंसी पर 5-सीटर मॉडल्स की तुलना में थोड़ा असर पड़ सकता है।

उम्मीद है कि इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की असली ड्राइविंग रेंज 500 किमी से ज्यादा होगी। सेफ्टी और फीचर्स की बात करें तो इसमें लेवल 2 ADAS, 6 एयरबैग, वेन्टीलेटेड और इलेक्ट्रिक फ्रंट सीटें (मेमोरी फंक्शन के साथ), वायरलेस चार्जिंग, कनेक्टेड कार फीचर्स, पावर्ड टेलगेट, हरमन कार्डन साउंड सिस्टम और पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा।