Home कार न्यूज़ Mahindra XEV 9S और XEV 9e अब BaaS के साथ, कीमत 12.65...

Mahindra XEV 9S और XEV 9e अब BaaS के साथ, कीमत 12.65 लाख से शुरू

Mahindra Electric SUVs (3)

महिंद्रा BE 6 SPORTEQ, XEV 9S और XEV 9e इलेक्ट्रिक को BaaS स्कीम के तहत खरीदा जा सकेगा और बैटरी के लिए 3.75 रुपये प्रति किमी देना होगा

महिंद्रा ने आज अपनी Battery-as-a-Service (BaaS) योजना का विस्तार अपनी पूरी Born-Electric SUV रेंज तक कर दिया है। अब यह स्कीम BE 6 Sporteq, XEV 9S और XEV 9e के सभी वेरिएंट्स पर उपलब्ध होगी। इस योजना के तहत कार की कीमत और बैटरी की लागत को अलग-अलग किया जाता है, जिससे इलेक्ट्रिक SUV की शुरुआती कीमत काफी कम हो जाती है।

BaaS योजना में ग्राहक गाड़ी की कीमत अलग से देता है और बैटरी के लिए अलग से EMI चुकाता है। बैटरी की कीमत गाड़ी के इस्तेमाल के हिसाब से तय होती है। तीनों SUV के लिए बैटरी की लागत 3.75 प्रति किलोमीटर रखी गई है। इस योजना के तहत महिंद्रा BE 6 Sporteq की शुरुआती कीमत 11.45 लाख रुपये है।

वहीं, XEV 9S की कीमत 12.65 लाख रुपये और XEV 9e की शुरुआती कीमत 13.90 लाख रुपये है। इन कीमतों के अलावा बैटरी के लिए 3.75 प्रति किलोमीटर देना होगा। तीनों SUV के लिए बैटरी की कीमत समान रखी गई है। इसलिए तीनों गाड़ियों की कुल कीमत में जो अंतर है, वह मुख्य रूप से गाड़ी की कीमत की वजह से है, बैटरी की वजह से नहीं।

Mahindra BE 6 Launch Edition

महिंद्रा के अनुसार, 3.75 प्रति किमी की दर 6,975 रुपये से शुरू होने वाली बैटरी EMI, रोजाना 60 किमी के इस्तेमाल और एक तय डाउन पेमेंट के आधार पर निकाली गई है। हालांकि, वास्तविक EMI बैटरी के आकार, डाउन पेमेंट और लोन अवधि के हिसाब से बदल सकती है।

इन शुरुआती कीमतों में चार्जिंग, मेंटेनेंस, रिपेयर, चार्जर, रोड टैक्स, इंश्योरेंस, TCS और अन्य सरकारी शुल्क शामिल नहीं हैं। यह BaaS योजना केवल पर्सनल यूज के लिए उपलब्ध है। महिंद्रा ने सबसे पहले इस योजना को BE 6 Sporteq के साथ पेश किया था और अब इसे XEV 9S और XEV 9e में भी उपलब्ध कराया गया है।

Mahindra XEV 9S (10)

यह विस्तार महिंद्रा की EV को ज्यादा लोगों के लिए आसान और किफायती बनाने की कोशिश का हिस्सा है। कंपनी कम शुरुआती कीमत और आसान व लचीले विकल्प देकर ग्राहकों के लिए EV खरीदना आसान बनाना चाहती है। महिंद्रा की तीनों इलेक्ट्रिक एसयूवी INGLO इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं।