महिंद्रा भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी 5 नई एसयूवी – 5 डोर थार से लेकर नई XUV500 तक

Mahindra xuve9-5

यहाँ उन महिंद्रा एसयूवी के बारे में जानकारी दी गई है, जिन्हें कंपनी अगले साल तक भारत में लॉन्च करेगी

महिंद्रा पिछले कुछ सालों से लगातार भारतीय बाजार के लिए एक के बाद एक शानदार उत्पाद पेश कर रही है। कंपनी ने हाल के दिनों में नई थार, एक्सयूवी700, स्कॉर्पियो-एन और एक्सयूवी400 को लॉन्च किया है और इन्हें देश में अच्छी प्रतिक्रिया भी मिली है। हालाँकि कंपनी यहीं नहीं रूकना चाहती है, बल्कि देश में कई और नई एसयूवी को लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिनके बारे में यहाँ जानकारी दी जा रही है।

1. महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस

महिंद्रा बोलेरो नियो को पहले टीयूवी 300 के नाम से जाना जाता था और नियो प्लस आकार में और बड़ी होगी। इसमें कुछ कॉस्मेटिक अपग्रेड होंगे और यह 9-सीटर वर्जन में आएगी, जिसमें फ्रंट की ओर 2 सीटें होंगी, बीच में एक बेंच होगी जिसमें 3 लोग बैठ सकते हैं और फिर पीछे की ओर 2 सीटें होंगी जिनमें प्रत्येक में 2 लोग बैठ सकते हैं। बोलेरो नियो प्लस के अंदर कुछ अतिरिक्त सुविधाएँ दी जा सकती हैं। रिपोर्ट का कहना है कि इसे 1.5-लीटर इंजन के साथ जारी रखा जा सकता है, जबकि कुछ अन्य अटकलों के मुताबिक इसे 2.2-लीटर mHawk मिलेगा।

2. नई जेनरेशन महिंद्रा बोलेरो

मौजूदा बोलेरो महिंद्रा का सबसे ज्यादा बिकने वाला उत्पाद है और अब कंपनी इसे बड़ा अपडेट देना चाहती है। विजुअल अपील बढ़ाने के लिए इसे कई अपडेट मिलेंगे, जबकि डिजाइन को भी बदला जा सकता है। इसे देश में अगले साल किसी भी समय लॉन्च किया जा सकता है।

3. महिंद्रा थार 5-डोर

थार अपने आप में भारत में एक लोकप्रिय उत्पाद है, लेकिन इसे और अधिक बढ़ाने के लिए महिंद्रा इसके 5-डोर वर्जन को पेश करने जा रही है। इसमें मौजूदा मॉडल के मुकाबले कुछ विजुअल अपडेट और अतिरिक्त स्पेस के साथ व्यावहारिकता एलिमेंट में भी सुधार किया जाएगा। 5-डोर थार में MT/AT के साथ पेट्रोल और डीजल इंजन विकल्प भी मिलेगा। इसे 2024 तक लॉन्च किया जाएगा और इस साल के अंत में इसका डेब्यू किया जा सकता है।

4. महिंद्रा एक्सयूवी500

महिंद्रा ने भारत में एक्सयूवी700 को लॉन्च करने के बाद एक्सयूवी500 को बंद कर दिया था, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार अपने 5-सीटर अवतार में बाजार में वापसी कर सकती है और इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा और किआ सेल्टोस जैसी कारों से होगा। इसे साल 2024 में एक नए डिजाइन, ज्यादा फीचर्स और आक्रामक कीमत के साथ पेश किया जा सकता है।

5. महिंद्रा एक्सयूवी700 इलेक्ट्रिक

यह घरेलू ब्रांड अपनी फ्लैगशिप एसयूवी महिंद्रा एक्सयूवी700 के इलेक्ट्रिक वर्जन को भी लॉन्च कर सकती है, जिसे देश में साल 2024 में पेश किया जा सकता है। यह कार XUV.e8 कॉन्सेप्ट पर आधारित होगी, जिसे ब्रांड द्वारा पहले अनावरण किया जा चुका है। हालाँकि इसके बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन इसमें एक नया डिज़ाइन हो सकता है, जबकि पहले से ही व्यापक सुविधाओं की सूची में कुछ अतिरिक्त विशेषताएं हो सकती हैं। अटकलों की मानें तो इसमें लगभग 70 kWh की क्षमता वाला बैटरी पैक होगा, जो एक चार्ज में 500 किमी की रेंज दे सकता है।