महिंद्रा एक्सयूवी400 इलेक्ट्रिक एसयूवी का भारत में आगामी 8 सितंबर को डेब्यू होगा और लॉन्च होने पर इसका मुकाबला टाटा नेक्सन ईवी से होगा
भारत की दिग्गज कार निर्माता कंपनी महिंद्रा ने अपनी आगामी एक्सयूवी400 इलेक्ट्रिक एसयूवी का पहला आधिकारिक टीज़र वीडियो जारी किया है, जिसका 8 सितंबर 2022 को ग्लोबल डेब्यू होने वाला है। भारत में पेश होने पर इसका सीधा मुकाबला देश में सबसे ज्यादा बिकने वाले यात्री इलेक्ट्रिक एसयूवी टाटा नेक्सन ईवी से होगा।
नई महिंद्रा एक्सयूवी400 मूलरूप से एक्सयूवी300 कॉम्पैक्ट एसयूवी की तरह X100 प्लेटफॉर्म पर आधारित है, लेकिन बैटरी और अन्य इंटर्नल पार्ट को समायोजित करने के लिए बड़े पैमाने पर बदलाव किया गया है, जो कि इसके डिजाइन से स्पष्ट है। यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि SsangYong Tivoli के X100 प्लेटफॉर्म पर आधारित इस कार की लंबाई लगभग 4.2 मीटर की होगी।
हालाँकि अभी इसके लिए इंतजार करना होगा और देखना होगा कि क्या बूटस्पेस बढ़ाया जाएगा या नहीं। आगामी महिंद्रा एक्सयूवी400 के टीज़र वीडियो में इसके कुछ हाइलाइटिंग एक्सटीरियर डिटेल्स दिए गए हैं। वीडियो की शुरुआत चार्जिंग सॉकेट को दिखाने से होती है, जो दायीं ओर रियर डोर पर स्थित है। एक्सयूवी400 का डिज़ाइन 2020 आटो एक्सपो में प्रदर्शित की गई eXUV300 कॉन्सेप्ट से प्रेरित दिखाई देता है।

हालाँकि इसके स्टाइल में महिंद्रा के नए जेनरेशन वाली कारों की झलक देखने को मिलेगी। फ्रंट फेसिया में एल-आकार की इंटीग्रेटेड एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स के साथ तेज दिखने वाले एलईडी हेडलैम्प्स हैं, जबकि महिंद्रा ट्विन पीक्स कॉर्पोरेट लोगो को एक्स-लाइक इंसर्ट के साथ एक स्पोर्टी वाइब देने के साथ बीच में रखा गया है।
उम्मीद है कि इसके ग्लोबल डेब्यू से पहले और अधिक टीज़र जारी किए जाएंगे, जिसमें ज्यादा विवरण सामने आएंगे। वहीं इसकी पहले आई स्पाई शॉट्स की मानें तो कार के एलईडी टेल लैंप बिल्कुल नए होंगे, जबकि यह नए डिज़ाइन वाले अलाय व्हील से लैस होगी और इसका नया लोगो रेग्यूलर एक्सयूवी300 से अलग करने में मदद करेगा।
इंटीरियर में नई कनेक्टिविटी तकनीक, ADAS-आधारित सुविधाए, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल के साथ एक बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम होने की संभावना है। इसे पावर देने के लिए 150 एचपी की पावर वाला सिगंल इलेक्ट्रिक मोटर मिल सकता है, जिसमें एक बार चार्ज होने पर लगभग 400 किमी की रेंज हो सकती है।
इसके साथ ही महिंद्रा एक्सयूवी400 में फास्ट चार्जिंग क्षमता, रीजेन टेक्नोलॉजी आदि की सुविधा होने की उम्मीद है, जबकि इसे कई बैटरी कॉन्फ़िगरेशन के साथ एक विस्तृत सीरीज में पेश किया जा सकता है। महिंद्रा ने आगामी कुछ सालों में और भी नई इलेक्ट्रिक कारों को पेश करने की योजना बनाई है, जिसके तहत दिसंबर 2024 में पहली बोर्न इलेक्ट्रिक एसयूवी पेश की जाएगी।