
वर्तमान में महिंद्रा की कार बाजार में 5.2 प्रतिशत की हिस्सेदारी है और यह भारतीय बाजार में पाँचवी सबसे अधिक बिकने वाली कार निर्माता है
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड (Mahindra & Mahindra Ltd) ने निश्चित रूप से भारतीय बाजार में अपने ब्रांड धारणा को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है और यह घरेलू निर्माता पिछले कुछ सालों में लोगों का भरोसा जीतने में कामयाब रही है। जहाँ तक बिक्री की बात है तो महिंद्रा वर्तमान में देश की पांचवीं सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है।
कंपनी देश में अपनी पैठ को और भी बेहतर बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है और इसके लिए महिंद्रा वर्तमान में कई नई कारों को बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। हमने यहाँ उन 7 नई कारों की सूची तैयार की है, जिन्हें महिंद्रा आने वाले एक साल में भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी:
1. महिंद्रा एक्सयूवी700 (Mahindra XUV700)
महिंद्रा ने हाल ही में पुष्टि की है कि वह देश में XUV700 नाम से एक नई मिड-साइज़ एसयूवी को पेश करेगी, जो कि ब्रांड की लाइन-अप में XUV500 की जगह लेगी। भारत में इस कार का मुकाबला टाटा सफारी, एमजी हेक्टर प्लस और आगामी हुंडई Alcazar जैसी कारों से होगा। देश में XUV700 को 6 और 7-सीटर दोनों लेआउट में पेश किया जाएगा।

फीचर्स के रूप में नई एक्सयूवी700 को फ्री-स्टैंडिंग डुअल-स्क्रीन डैशबोर्ड जैसी कई अच्छी सुविधाएं मिलेंगी, जिसमें एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एक बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल है। इसके अलावा पैनोरेमिक सनरूफ, कैप्टन सीटें (6-सीटर एडिशन) भी पैकेज का हिस्सा होगा। एक्सयूवी700 के इस साल जुलाई के आसपास लॉन्च होने की उम्मीद है।
2. नई महिंद्रा एक्सयूवी500 (Mahindra XUV500)
महिंद्रा भारत में एक्सयूवी700 के लॉन्च के साथ XUV500 का उत्पादन अस्थाई रूप से बंद कर देगी। हालाँकि इसे बाद में महिंद्रा XUV500 के नाम से टाटा हैरियर और एमजी हेक्टर के मुकाबले लॉन्च किया जाएगा। पाँच सीटों वाली XUV500 को साल 2022 के मध्य तक लॉन्च किए जाने की उम्मीद है और यह संभवतः XUV700 के साथ अपने पॉवरट्रेन और प्लेटफॉर्म को साझा करेगी।
नई XUV500 में संभवतः XUV700 जैसी ही इंटीरियर डिज़ाइन की सुविधा होगी, हालांकि इसमें कुछ प्रीमियम फीचर्स को हटाया जा सकता है। फीचर्स के रूप में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ज्वाइंट हाउसिंग में रखा गया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ डैशबोर्ड का डिजाइन भी समान होगा।
3. नई जेनरेशन महिंद्रा स्कॉर्पियो (New-gen Mahindra Scorpio)
महिंद्रा स्कॉर्पियो की नई जेनरेशन भारत में लॉन्च होने के लिए तैयार है और कार निर्माता ने पुष्टि की है कि नई स्कॉर्पियो को इस साल के अंत तक लॉन्च किया जाएगा। हाल के महीनों में कार के बारे में बहुत सारी जानकारी इसके टेस्टिंग तस्वीरों के माध्यम से आई है, क्योंकि इसे कई बार सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।
स्कॉर्पियो का टॉप-एंड वेरिएंट संभवत: 18-इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, फ्लैट-बॉटम लैदर-रैप्ड मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी, पुश बटन स्टार्ट/स्टॉप के साथ कई नए फीचर्स भी पैकेज का हिस्सा होंगे।
4. महिंद्रा एक्सयूवी300 स्पोर्ट्ज (Mahindra XUV300 Sportz)
महिंद्रा ने 2020 ऑटो एक्सपो में XUV300 के एक नए वेरिएंट को एक्सयूवी 300 स्पोर्ट्ज नाम से प्रदर्शित किया था, जिसके एक्सटेरियर में कुछ स्टिकर की सुविधा प्रदान की गई थी। कार में एक नया 1.2-लीटर G1.2T तीन-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन था, जो 128 पीएस की पावर और 230 एनएम के ट़ॉर्क को जेनरेट करता है।
स्पोर्ट्ज वेरिएंट के लॉन्च के बाद XUV300 संभवतः अपने सेगमेंट की सबसे पावरफुल कार बन जाएगी, जबकि इंजन को संभवतः 6-स्पीड एमटी के साथ ही एक वैकल्पिक ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ पेश किया जाएगा। भारत में इस वेरिएंट की लॉन्च की उम्मीद पिछले साल ही थी, लेकिन अब इसे 2021 के मध्य तक बाज़ार में पेश किया जाएगा।
5. महिंद्रा बोलेरो निओ (Mahindra Bolero Neo)
महिंद्रा बोलेरो निओ मूलरूप से पिछले साल बीएस6 मानकों के लागू होने के बाद बंद हुई महिन्द्रा टीयूवी300 (Mahindra TUV300) का फेसलिफ्ट वर्जन है, जिसे बोलेरो निओ के नाम से रिब्रांड किया जा रहा है। बोलेरो वर्तमान में भारतीय बाजार में महिंद्रा की सबसे अधिक बिकने वाली कार है और बोलेरो नियो के साथ-साथ एसयूवी का बेचा जाना जारी रहेगा। बोलेरो निओ की इस साल के अंत तक लॉन्च होने की उम्मीद है।
बोलेरो नियो सीढ़ी-फ्रेम चेसिस पर आधारित होगी और इसे ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए कंपनी इसमें कई नए फीचर्स को जोड़ सकती है। पावर देने के लिए कार को 1.5-लीटर डीजल इंजन मिलेगा, जो कि 100 पीएस की पावर और 240 एनएम का टॉर्क जेनरेट करेगा। इंजन को 5-स्पीड एमटी के साथ-साथ वैकल्पिक ऑटो ट्रांसमिशन से भी जोड़ा जाएगा।
6. महिंद्रा एक्सयूवी300 इलेक्ट्रिक (Mahindra eXUV300)
XUV300 इलेक्ट्रिक को कॉन्सेप्ट के रूप में पिछले साल ऑटो एक्सपो में प्रदर्शित किया गया था और यह कार निश्चित रूप से देश में सबसे ज्यादा प्रतीक्षित आगामी महिंद्रा कारों में से एक है। इस आल इलेक्ट्रिक कार के इस साल के अंत में या 2022 की शुरुआत में देश में लॉन्च होने की उम्मीद है, जिसका मुकाबला टाटा नेकसन ईवी (Tata Nexon EV) से होगा।
महिंद्रा एक्सयूवी300 इलेक्ट्रिक के लॉन्ग-रेंज वर्जन को लगभग 350 किमी की रेंज के साथ पेश किया जाएगा, जबकि इसका डिजाइन मूलरूप से एक्सयूवी300 की तरह होगा, लेकिन इसके कुछ विशिष्ट डिज़ाइन तत्वों जैसे ब्लू ट्रीटमेंट आदि दोनों कारों को अलग करने में मदद करेगी। इसके अलावा एक्सयूवी 300 इलेक्ट्रिक को बंद फ्रंट ग्रिल के साथ-साथ अलॉय व्हील के नए सेट मिलने की उम्मीद की जा सकती है।
7. महिंद्रा eKUV100 इलेक्ट्रिक (Mahindra eKUV100)
केयूवी 100 इलेक्ट्रिक भी लंबे समय से पाइपलाइन में है। हालांकि, महिंद्रा इस साल के अंत में कार लॉन्च कर सकती है, जो इसे देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारों में से एक बनाएगी। महिंद्रा ने मूल रूप से 2018 ऑटो एक्सपो में eKUV100 को निकट-उत्पादन रूप में प्रदर्शित किया था और 2020 ऑटो एक्सपो में इस EV के प्रोडक्शन एडिशन का प्रदर्शन किया था। इस कार को कई बार देश की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिसे आने वाले महीनों में भारत में लॉन्च किया जाएगा।