महिंद्रा XUV700 पर आधारित XUV.e8 और 5-डोर महिंद्रा थार के अगले साल लॉन्च होने की पुष्टि पहले ही हो चुकी है, वहीं XUV300 को भी बड़ा अपडेट मिलने वाला है
देश की लोकप्रिय कार निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा आने वाले महीनों में कई नए प्रोडक्ट लॉन्च करने के लिए तैयार है। इनमें 5-डोर महिंद्रा थार से लेकर एक्सयूवी700 पर आधारित इलेक्ट्रिक कार तक शामिल है। महिंद्रा के पास कई नई आईसी-इंजन वाली एसयूवी और ईवी का विकास चल रहा है, जिसमें थार.ई और स्कॉर्पियो एन पर आधारित एक वैश्विक पिकअप शामिल है।यहाँ हम महिंद्रा द्वारा आने वाले 12 महीनों में पेश की जाने वाली 4 नई एसयूवी के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
1. महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस
उम्मीद है कि महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस की कीमतें इस महीने के अंत में घोषित की जाएंगी और ये सात और नौ सीटों वाले कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध हो सकती है। यह एसयूवी 2.2 लीटर, 4-सिलेंडर एमहॉक टर्बो डीजल इंजन से पावर प्राप्त करेगी, जिसे मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाएगा। फीचर लिस्ट में नए अपडेट भी मिल सकते हैं और इस एसयूवी को पोर्टफोलियो में स्कॉर्पियो क्लासिक के नीचे रखा जाएगा।
2. महिंद्रा XUV300 फेसलिफ्ट
महिंद्रा एसयूवी300 के फेसलिफ्ट वर्जन को 2024 की शुरुआत में पेश किए जाने की संभावना है और इसमें एक्सयूवी700 से प्रेरणा लेते हुए एक संशोधित डिजाइन होगा। साथ ही इसके इंटीरियर को एक बड़ा अपडेट मिलेगा, जबकि मौजूदा पावरट्रेन और ट्रांसमिशन विकल्पों को बरकरार रखा जा सकता है।
3. 5-डोर महिंद्रा थार
महिंद्रा थार के 5-डोर वर्जन को कई महीनों से भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इसका आकार मौजूदा तीन-दरवाजे वाले मॉडल की तुलना में बड़ा होगा। ये 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2 लीटर एमहॉक टर्बो डीजल इंजन द्वारा मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ संचालित होगी। 3-डोर थार से थोड़ा अलग करने के लिए इसके बाहरी हिस्से में बदलाव किया जाएगा।
4. महिंद्रा XUV.e8
महिंद्रा की इलेक्ट्रिक एसयूवी की भविष्य के लाइनअप को अगले साल से XUV.e और BE रेंज के तहत पेश किया जाएगा और इन्हें पहले ही कांसेप्ट रूप में प्रदर्शित किया जा चुका है। महिंद्रा एक्सयूवी.ई8 2024 के अंत में आने वाली पहली कार होगी और इसे पहले ही कई बार परीक्षण के दौरान देखा जा चुका है। एक्सयूवी700 पर आधारित महिंद्रा एक्सयूवी.ई8 का डिज़ाइन पेटेंट कुछ समय पहले ही लीक हुआ था।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, इसमें एक पूर्ण-चौड़ाई वाली एलईडी लाइट बार, नया ग्रिल सेक्शन, नए डिज़ाइन किए गए हेडलैंप और कनेक्टेड एलईडी टेल लैंप, फ्लश-टाइप डोर हैंडल और नए अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। नई इलेक्ट्रिक कार का आकार इसके ICE सिब्लिंग से बड़ा होगा और ये 80 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक और सभी चार पहियों को चलाने वाले इलेक्ट्रिक मोटर्स से लैस होगी।