अप्रैल 2021 में महिंद्रा थार की बिक्री में हुई 78 फीसदी की वृद्धि

महिंद्रा ने अप्रैल 2021 में थार की 3,406 यूनिट की बिक्री की है, जो कि ब्रांड की चौथी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनकर उभरी है

महिंद्रा ने अप्रैल 2021 में कुल मिलाकर घरेलू बाजार में 18,186 यूनिट की बिक्री की है, जो कि मार्च 2021 के मुकाबले 9.3 प्रतिशत की मासिक वृद्धि है। मार्च में कंपनी ने 16,643 यूनिट की बिक्री की थी। अप्रैल 2021 में महिंद्रा की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बोलेरो रही, जबकि महिंद्रा थार ब्रांड की चौथी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन कर उभरी है।

कंपनी ने अप्रैल 2021 में बोलेरो की कुल मिलाकर 6,152 यूनिट की बिक्री है, वहीं महिंद्रा एक्सयूवी300 की 4,144 यूनिट बेची गई। जबकि ऑफ रोडर महिंद्रा थार की अप्रैल 2021 में 3,406 यूनिट की बिक्री हुई थी। इसके मुकाबले मार्च 2021 में थार की 1,912 यूनिट बेची गई थी, इस तरह मासिक आधार पर थार की बिक्री में 78 फीसदी की वृद्धि हुई है।

बता दें कि कंपनी ने पिछले साल अक्टूबर 2020 में थार के नए जेनरेशन को लॉन्च किया था, जिसे खरीददारों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। फीचर्स के रूप में कार को एलईडी डीआरएल के साथ हेलोजन हेडलैंप, एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले कनेक्टिविटी के साथ 7.0 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटो एसी, क्रूज कंट्रोल, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में डिजिटल एमआईडी आदि मिलते हैं।

2020 Mahindra thar5थार के अन्य इक्वीपमेंट में वॉशेबल इंटीरियर और रिमूवेबल रूफ पेनल शामिल हैं, जबकि सेफ्टी फीचर्स के रूप में थार को ड्यूल फ्रंट एयरबैग, ईबीडी के साथ एबीएस, रियर पार्किंग सेंसर और फ्रंट सीटबेल्ट रिमांइडर आदि मिलते हैं। खरीददारों के लिए यह एसयूवी एएक्स ऑप्शनल और एलएक्स के साथ दो वेरिएंट में उपलब्ध है।

पावर देने के लिए थार को 2.0 लीटर पेट्रोल टर्बोचार्ज्ड इंजन मिला है, जो कि 150 पीएस की पावर और एमटी वर्जन में 300 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करता है। य़ह इंजन ऑटोमैटिक वर्जन में 320 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करता है। कार के साथ 2.2 लीटर डीजल इंजन की भी पेशकश की गई है, जो कि 130 पीएस की पावर और 300 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करने में सक्षम है।

Mahindra-thar.jpg

दोनों यूनिट के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड के रूप में दिया गया है, जबकि 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्प के तौर पर मिलता है। दोनों पावरट्रेन के साथ ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम स्टैंडर्ड के तौर पर है, जबकि वर्तमान में थार की कीमत 12.12 लाख रूपए से लेकर 14.17 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, भारत) तक है।