महिन्द्रा थार के दूसरे जेनरेशन को 2 अक्टूबर 2020 को लॉन्च किया गया था, जिसे अब तक 75,000 से भी अधिक की बुकिंग प्राप्त हो चुकी है
भारत में महिंद्रा थार का दूसरा जेनरेशन कार बाजार की सबसे बहुप्रतीक्षित कारों में से एक रही है और 50,000 से भी ज्यादा खरीददार अब भी इसका इंतजार कर रहे हैं। वास्तव में इसका अनावरण 15 अगस्त 2020 को हुआ था, जबकि इसे 2 अक्टूबर 2020 को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया गया था। इस तरह इस ऑफ रोडर एसयूवी के भारतीय बाजार में एक साल पूरे हो गए हैं।
महिंद्रा ने अब घोषणा की है कि उसे थार के लिए एक साल में 75,000 बुकिंग प्राप्त हो चुकी है। इस तरह महिन्द्रा ने औसतन हर महीने इस कार के लिए 6,250 से भी ज्यादा की बुकिंग प्राप्त की है। महिंद्रा का कहना है कि 50 फीसदी थार के खरीदार ऑटोमेटिक वेरिएंट के लिए है। इसके अलावा 25 प्रतिशत खरीदारों ने थार के पेट्रोल वेरिएंट के विकल्प को चुना है।
महिन्द्रा थार भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली 4×4 कार है। हालांकि सेमीकंडक्टर की वैश्विक आपूर्ति ने थार की डिलीवरी को बाधित किया है, इसलिए मांग की तुलना में इसकी आपूर्ति कम है। लॉन्च के बाद से महिंद्रा ने सितंबर 2021 तक भारत भर में अपने डीलरों को नई थार की लगभग 28,956 यूनिट की आपूर्ति की है। इस तरह लगभग 50,000 खरीददार अब भी इसका इंतजार कर रहे हैं।
महिन्द्रा थार की सफलता से उत्साहित होकर कंपनी इसके 5-डोर वर्जन को भी भारतीय बाजार में 2023 में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जो कि मौजूदा थार से लंबी होगी, लेकिन इसमें समान डिज़ाइन और सुविधाएं दी जाएंगी। वर्तमान में थार का व्हीलबेस 2,450 मिमी है, जबकि इसकी लंबाई 3,985 मिमी है। महिंद्रा थार 5 डोर के इंजन विकल्प इसके 3 डोर वर्जन के समान होंगे, लेकिन पावर आउटपुट में थोड़ा बदलाव हो सकता है।
भारत में थार की लोकप्रियता का कारण इसका दमदार लुक और ऑफ-रोडर नेचर का होना है और हाल ही में फोर्स ने इसके मुकाबले नई गुरखा को पेश किया है। इसे एएक्स, एएक्स ऑप्शनल और एलएक्स के साथ कुल तीन वेरिएंट में पेश किया जाता है और इसे ग्लोबल एनकैप में 4 स्टार सेफ्टी रेटिंग मिला है। यह ड्यूल फ्रंट एयरबैग, ईबीडी के साथ एबीएस, रियर पार्किंग सेंसर और फ्रंट सीटबेल्ट रिमांइडर जैसे फीचर्स से लैस है, जबकि इसकी कीमत 12.78 लाख रूपए से लेकर 13.38 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, पूणे) है।