
महिंद्रा ने जनवरी 2026 में 63,510 एसयूवी की बिक्री की, जो पिछले साल के इसी महीने में बेची गई 50,659 यूनिट्स की तुलना में 25 फीसदी अधिक है
महिंद्रा ने जनवरी 2026 में कुल मिलाकर 1,04,309 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जिसमें निर्यात भी शामिल है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 24 प्रतिशत की सालाना वृद्धि है। इस प्रदर्शन में यूटिलिटी व्हीकल्स, कमर्शियल व्हीकल्स, थ्री-व्हीलर्स और विदेशी बाजारों में भेजी गई यूनिट्स की बिक्री शामिल है। जैसा अनुमान था, कंपनी की SUV रेंज ने कुल बिक्री में सबसे ज्यादा योगदान दिया।
महिंद्रा ने घरेलू बाजार में जनवरी 2026 में 63,510 एसयूवी की बिक्री की है, जो पिछले साल इसी महीने में बेची गई 50,659 यूनिट्स की तुलना में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि है। जनवरी 2026 तक के वित्तीय वर्ष में कुल पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री 5,39,986 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले साल की समान अवधि में दर्ज 4,53,019 यूनिट्स की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है।
कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी मजबूत बढ़त देखने को मिली है। घरेलू कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री जनवरी में 27,656 यूनिट्स रही, जो 22 प्रतिशत की सालाना वृद्धि है। 2 टन से कम वज़न वाले लाइट कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री 4,009 यूनिट्स रही, जिसमें 13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई है। वहीं, 2 से 3.5 टन श्रेणी में 23,647 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो 23 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है। इन आंकड़ों में Bolero Maxx PUP रेंज जैसे मॉडल्स की बिक्री भी शामिल है।

महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स सहित, कंपनी की कुल थ्री-व्हीलर बिक्री जनवरी में 9,566 यूनिट्स रही, जो 28 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि है। वित्तीय वर्ष की शुरुआत से अब तक थ्री-व्हीलर्स की कुल बिक्री 92,012 यूनिट्स तक पहुंच चुकी है, जो 28 प्रतिशत की बढ़त है। इस प्रदर्शन में निर्यात का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
निर्यात के मोर्चे पर, महिंद्रा ने जनवरी 2026 में 3,577 वाहनों को विदेशी बाजारों में भेजा, जो पिछले साल इसी महीने में भेजी गई 3,404 यूनिट्स की तुलना में 5 प्रतिशत की वृद्धि है। साल की शुरुआत से अब तक कुल निर्यात 33,638 यूनिट्स तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में दर्ज 27,452 यूनिट्स की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है। इसी महीने महिंद्रा ने बुकिंग के मामले में एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की है। 14 जनवरी को XUV 7XO और XEV 9S की बुकिंग शुरू की गई, और महज चार घंटों में 93,689 बुकिंग्स दर्ज हुईं।

बिक्री प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए, महिंद्रा एंड महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के CEO नलिनीकांत गोला गुंटा ने कहा: “पिछले साल की मजबूत बिक्री गति को आगे बढ़ाते हुए, हमने जनवरी में शानदार शुरुआत की है। हमने 63,510 SUVs की बिक्री की है, जो 25 फीसदी की वृद्धि है और 3.5 टन से कम श्रेणी के LCV की 27,656 यूनिट्स की बिक्री की, जो 22 फीसदी की वृद्धि दर्शाती है। कुल वाहन बिक्री 1,04,309 यूनिट्स रही, जो 24 फीसदी की सालाना बढ़त है।”