महिंद्रा सुप्रो प्रॉफिट रेंज तीन अलग-अलग पावरट्रेन के साथ लॉन्च किए गए हैं, जिसमें 909 सीसी, 2-सिलेंडर, डायरेक्ट-इंजेक्शन डीजल इंजन, टर्बो डीजल इंजन और सीएनजी विकल्प शामिल है
भारत में महिंद्रा कमर्शियल सेगमेंट के सबसे बड़े नामों से एक है और कंपनी ब्लेजो, जीतो और फ्यूरियो जैसे कई लोकप्रिय रेंज की बिक्री करती है। अब महिंद्रा ने अपने लोकप्रिय सुप्रो सीरीज रेंज को विस्तार दिया है और देश में सुप्रो प्रॉफिट मिनी और मैक्सी ट्रक को लॉन्च किया है। कंपनी ने इनकी कीमत 5.40 लाख रुपए से लेकर 6.22 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, मुंबई) तक तय की है।
महिंद्रा सुप्रो प्रॉफिट मिनी ट्रक को पावर देने के लिए 909 सीसी, 2-सिलेंडर, डायरेक्ट-इंजेक्शन डीजल इंजन दिया गया है, जो कि 26 बीएचपी की पावर और 55 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। इस इंजन को 4-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है, जबकि इसे पावर और इको के साथ दो ड्राइविंग मोड के साथ पेश किया गया है।
कंपनी का दावा है कि यह 23.30 किमी/लीटर का माइलेज देता है। इस ट्रक के साथ एक सीएनजी विकल्प भी दिया गया है, जो कि 27 बीएचपी की पावर और 60 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। कंपनी सीएनजी किट वाले महिंद्रा सुप्रो मिनी ट्रक के साथ 23.35 किमी/किलोग्राम का माइलेज देने का दावा करती है।
सीएनजी एडिशन की पेलोड क्षमता 750 किलोग्राम है और इसे 3 साल और 80,000 किमी की वारंटी के साथ पेश किया गया है। यह गाड़ी 13 इंच के व्हील पर सवारी करती है और इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 170 मिमी का है। दूसरी ओर सुप्रो प्रॉफिट मैक्सी ट्रक की बात करें तो इसमें 1,050 किलोग्राम की पेलोड क्षमता देखने को मिलती है।
सुप्रो प्रॉफिट मैक्सी 14 इंच के व्हील पर सवारी करती है और इसका ग्राउंड क्लियरेंस 196 मिमी का है। मैक्सी में पावर देने के लिए डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो कि 47 बीएचपी की पावर और 100 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। महिंद्रा इसके साथ 21.94 किमी/लीटर की माइलेज का दावा करती है।

यह ट्रक एक डे केबिन और एक डेक बॉडी कार्गो विकल्प के साथ आता है और सुविधाओं के रूप में इसे एयर कंडीशनिंग और पावर स्टीयरिंग दिया गया है। बता दें कि महिंद्रा ने पिछले महीने कहा था कि वह देश में आने वाले सालों में करीब 10 नए कमर्शियल वाहनों को लॉन्च करेगी। हालांकि ये नए वाहन कौन से हैं और इसकी कैटेगरी क्या है। फिलहाल अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है।




