महिंद्रा फार्म इक्विपमेंट बिजनेस ने सितंबर 2025 में 64,946 ट्रैक्टर की बिक्री की है, जो सालाना आधार पर 50 फीसदी की वृद्धि है
महिंद्रा ग्रुप की कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के खेती से जुड़े उपकरणों वाले कारोबार (FEB) ने सितंबर 2025 के लिए अपने ट्रैक्टरों की बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। सितंबर 2025 में महिंद्रा ने भारत में 64,946 ट्रैक्टर बेचे, जबकि सितंबर 2024 में यह संख्या 43,201 यूनिट की थी। इस तरह बिक्री में सालाना आधार पर 50 फीसदी की वृद्धि हुई है।
इसकी सबसे बड़ी वजह इस साल नवरात्रि का जल्दी आना और जीएसटी कटौती का फायदा ग्राहकों को मिलना है। सितंबर 2025 के दौरान कुल ट्रैक्टर बिक्री (घरेलू + निर्यात) 66,111 यूनिट की रही है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 44,256 यूनिट का था। इस महीने निर्यात 1,165 यूनिट का रहा है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के कृषि उपकरण बिज़नेस के अध्यक्ष, विजय नाकरा ने कहा कि सितंबर 2025 में कंपनी ने भारत में 64,946 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले साल से 50% ज़्यादा है। प्रधानमंत्री द्वारा जीएसटी दरें कम करने का फैसला और इस बार नवरात्रि का जल्दी पड़ना, बिक्री बढ़ने की बड़ी वजहें रहीं। इसके अलावा खरीफ फसल की अच्छी संभावना, बुआई का ज़्यादा होना और सामान्य से बेहतर मानसून ने भी ट्रैक्टरों की मांग को मज़बूत किया है।

यह अच्छा प्रदर्शन कृषि क्षेत्र के लिए सही समय पर आया है। गाँवों में मांग बढ़ रही है और किसान खेती में मशीनों का इस्तेमाल ज़्यादा कर रहे हैं। त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है और आने वाले महीनों में ट्रैक्टरों की बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है। महिंद्रा के पास बड़ा नेटवर्क और कई तरह के प्रोडक्ट हैं, इसलिए कंपनी इस अच्छे मौके का पूरा फायदा उठा सकती है।
वर्तमान में महिंद्रा 20 HP से लेकर 51 HP तक की रेंज में ट्रैक्टर की बिक्री करती है। साथ ही 2WD और 4WD मॉडल भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। महिंद्रा ने साल 2023 में OJA ट्रैक्टर रेंज को पेश किया था और इस समय इस रेंज में 7 ट्रैक्टर उपलब्ध हैं। कीमत की बात करें तो OJA रेंज की शुरुआती कीमत 5.37 लाख रुपये से शुरू होती है।

इसके अलावा कंपनी की रेंज में महिंद्रा युवराज, महिंद्रा जीवो, महिंद्रा XP प्लस, महिंद्रा SP प्लस, महिंद्रा अर्जुन, महिंद्रा नोवो, महिंद्रा युवो टेक+ जैसे ट्रैक्टर उपलब्ध हैं। साथ ही इन रेंज में कॉम्पैक्ट ट्रैक्टर भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। कंपनी के पास ऑर्चर्ड ट्रैक्टर भी हैं। कंपनी ने सितंबर तक कुल 2,47,336 ट्रैक्टर की बिक्री कर ली है।