2021 में महिंद्रा थार एसयूवी की कुल मिलाकर 32,139 यूनिट की बिक्री हुई है और इसे अब तक 70,000 से भी ज्यादा की बुकिंग प्राप्त हो चुकी हैं
महिंद्रा ने साल 2020 के फेस्टिव सीजन में थार के नए जेनरेशन को लॉन्च किया था और इसे देश में खरीददारों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। भारत के खरीददार इस नई लाइफस्टाइल ऑफरोडर एसयूवी को काफी पसंद कर रहे हैं और इसने भारत के लाइफस्टाइल ऑफरोडर सेगमेंट को नए सिरे से परिभाषित किया है।
भारत में इस एसयूवी को इसके ऑफ-रोडर नेचर के साथ शानदार डिजाइन, बेहतर हैंडलिंग पैकेज और ज्यादा फीचर-पैक केबिन के कारण पसंद किया जा रहा है। साल 2021 में इस एसयूवी की बिक्री की बात करें तो कंपनी ने कैलेंडर वर्ष 2021 में महिंद्रा थार की कुल मिलाकर 32,139 यूनिट की बिक्री की है, जो कि 2020 में इसी अवधि में बेची गई 4,865 यूनिट के मुकाबले 561 प्रतिशत की भारी वृद्धि है।
हालांकि यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि एक्सयूवी700 के साथ-साथ थार की वेटिंग भी ज्यादा है और इसके लिए खरीददारों को एक साल तक का इंतज़ार करना पड़ रहा है। यह समस्या वास्तव में सेमीकंडक्टर की वैश्विक आपूर्ति की कमी के कारण उत्पन्न हो रही है, लेकिन कंपनी का कहना है कि जल्द ही इस समस्या से निजात मिलेगी।
फीचर्स की बात करें तो महिंद्रा थार को एलईडी डीआरएल, एलईडी टेल लैंप, आईपी54 वॉटर और डस्ट रेटेड इंटीरियर विद वॉशेबल फुटवेल और वॉटर ड्रेनिंग, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, माउंटेड कंट्रोल के साथ मल्टी-फंक्शनल स्टीयरिंग व्हील, राउंड एसी वेंट, इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर आदि दिया गया है।
इसके अलावा यह एसयूवी डिजिटल एमआईडी, रूफ-माउंटेड वाटर-रेसिस्टेंट स्पीकर्स, पावर विंडो, क्रूज कंट्रोल, कीलेस एंट्री, टीपीएमएस (टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम) आदि से भी लैस की गई है। वर्तमान में महिंद्रा थार की कीमत 13.17 लाख रूपए से शुरू होती है, जो कि टॉप वेरिएंट में 15.53 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए तक जाती है।
महिंद्रा थार को पावर देने के लिए 2.0-लीटर, 4-सिलेंडर, mStallion पेट्रोल और 2.2-लीटर चार-सिलेंडर mHawk डीजल इंजन दिया गया है, जिसमें पहला यूनिट 150 पीएस की पावर और 320 एनएम का टॉर्क विकसित करता है, जबकि दूसरा यूनिट 130 पीएस और 300 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है। दोनों इंजन स्टैंडर्ड के रूप में 4WD सिस्टम के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जुड़े हैं।
कंपनी अगले साल लंबे व्हीलबेस और बेहतर व्यावहारिकता के साथ थार के 5-डोर वर्जन को लॉन्च करेगी और इसे हार्ड और सॉफ्ट-टॉप वेरिएंट में पेश किया जा सकता है। उम्मीद है कि बेहतर सवारी गुणवत्ता के लिए निलंबन को कथित तौर पर बदल दिया जाएगा। इसका स्टीयरिंग हल्का होगा और 5-डोर को समायोजित करने के लिए बॉडीवर्क को फिर से डिजाइन किया जाएगा।