Home कार न्यूज़ महिंद्रा Scorpio Lifestyler अप्रैल 2027 में होगा लॉन्च, Reef, Trail और Valley...

महिंद्रा Scorpio Lifestyler अप्रैल 2027 में होगा लॉन्च, Reef, Trail और Valley डिजाइन थीम आए सामने

Mahindra Lifestyler Valley Edition

महिंद्रा Scorpio Lifestyler पिकअप को Reef, Trail और Valley  डिजाइन थीम में पेश किया गया है

महिंद्रा ने अगले साल लॉन्च होने वाली Scorpio Lifestyler पिकअप को तीन अलग-अलग डिज़ाइन थीम के साथ पेश किया है। कंपनी ने इसे Reef, Trail और Valley नाम दिए हैं। ये तीन अलग-अलग मॉडल या वेरिएंट नहीं हैं। इनसे सिर्फ यह दिखाया गया है कि पिकअप को अलग-अलग तरह के इस्तेमाल के लिए कैसे डिजाइन किया जा सकता है।

इन तीनों थीमों में पिकअप को अलग-अलग लाइफस्टाइल और जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। तीनों में Valley Edition का डिजाइन सबसे ज्यादा सिंपल और प्रैक्टिकल नज़र आता है। इसे ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो पिकअप का इस्तेमाल काम के साथ-साथ परिवार और घूमने-फिरने के लिए भी करना चाहते हैं।

इसमें Artemis Grey कलर दिया गया है और इसका लुक सिंपल और प्रीमियम है। यह उन लोगों के लिए बेहतर हो सकती है, जो ऐसी पिकअप चाहते हैं जिसे रोजाना के काम के साथ घूमने-फिरने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सके। वहीं Reef Edition तीनों में सबसे ज्यादा लाइफस्टाइल वाली है। इसे Aquareef कलर में पेश किया गया है। इसका डिजाइन घूमने-फिरने, आउटडोर एक्टिविटी और नई जगहों की सैर को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

Mahindra Lifestyler Reef Edition (1)

ब्लू कलर की वजह से इसका लुक Valley Edition से ज्यादा फ्रेश और आकर्षक लगता है। यह उन लोगों को पसंद आ सकती है, जो पिकअप का इस्तेमाल काम के साथ घूमने-फिरने और एडवेंचर के लिए भी करना चाहते हैं। Trail Edition Scorpio Lifestyler के सबसे ज्यादा रफ और एडवेंचर वाले लुक को दिखाती है। इसे Sahara Beige कलर में पेश किया गया है।

तीनों में Trail Edition सबसे ज्यादा रफ और दमदार दिखता है। इसका लुक ऐसा है कि यह खराब रास्तों और ऑफ-रोडिंग के लिए पूरी तरह तैयार नज़र आती है। स्कार्पियो Lifestyler को नई जनरेशन की बॉडी-ऑन-फ्रेम तकनीक पर बनाया जा रहा है।पिकअप में ज्यादा सामान उठाने की क्षमता के साथ आराम, टेक्नोलॉजी और रोजमर्रा के इस्तेमाल को भी ध्यान में रखा जाएगा।

Mahindra Lifestyler Trail Edition

इसे ग्लोबल मॉडल के तौर पर तैयार किया जा रहा है और दूसरे देशों में इसे Mahindra Lifestyler नाम से बेचा जाएगा। भारत में इसे अप्रैल 2027 तक लॉन्च किया जा सकता है। इसकी शुरुआती कीमत 19.79 लाख रुपये से कम (एक्स-शोरूम) होने की उम्मीद है।