नवबंर 2020 में महिंद्रा ने की 42,731 यूनिट वाहनों की बिक्री

2020 Mahindra thar

महिन्द्रा ने पैसेंजर व्हीकल्स सेगमेंट में सालाना आधार पर 24 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है, जबकि नई थार ने भी कंपनी की बिक्री में काफी योगदान दिया है

महिंद्रा और महिंद्रा (Mahindra & Mahindra) ने नवंबर 2020 के महीने में की गई अपने कुल बिक्री की रिपोर्ट की घोषणा की है। आंकड़ों के अनुसार इस भारतीय वाहन निर्माता ने कुल मिलाकर 42,731 वाहनों की बिक्री की है, जो कि पिछले साल के मुकाबले करीब चार प्रतिशत की वृद्धि है।

दरअसल नवंबर 2020 के फेस्टिव सीजन में महिंद्रा ने अपनी बिक्री और उत्पादन को बढ़ाने में मदद की है और कंपनी ने अक्टूबर, 2020 के महीने में भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट में कुल मिलाकर 17,971 यूनिट की बिक्री दर्ज की है। इसके विपरीत नवंबर 2019 में 14,161 यूनिट की बिक्री की गई थी, जो कि सालाना आधार पर 24 फीसदी की वृद्धि है। इसी तरह नवंबर 2020 में पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट की बिक्री में भी 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो कि 18,212 यूनिट रही।

महिंद्रा की यूवी की बिक्री में सकारात्मक रुझान का श्रेय ऑल-न्यू थार को दिया जा सकता है। कंपनी ने इस ऑफरोडर एसयूवी को भारत में 2 अक्टूबर को लॉन्च किया था, जहाँ इस कार को खरीददारों द्वारा जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और अब तक इस एसयूवी ने 20,000 से अधिक बुकिंग प्राप्त कर ली है।

कंपनी ने फेस्टिव सीजन में इस एसयूवी की डिलीवरी भी शुरू कर दी थी हालांकि कंपनी द्वारा उत्पादन में तेजी लाने के बावजूद, थार की मौजूदा प्रतीक्षा अवधि लगभग पांच से छह महीने है। कंपनी दूसरी पीढ़ी की XUV500 को अगले साल भारतीय बाजार में पेश करेगी, जिसके बाद दूसरी पीढ़ी की स्कॉर्पियो को भी लॉन्च किया जायेगा।

यात्री वाहनों के प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए, मोटर वाहन डिवीजन महिंद्रा लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Veejay Nakra ने कहा कि महिंद्रा अपने सभी उत्पादों की मजबूत त्योहारी मांग के कारण नवंबर के महीने में एसयूवी में मजबूत दोहरे अंक की वृद्धि हासिल कर खुश हैं। मजबूत ग्रामीण विकास और आर्थिक गतिविधियों में सुधार के संकेतों को देखते हुए, हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस सकारात्मक गति को त्योहारी सीजन के बाद भी जारी रखा जा सकता है