Home कार न्यूज़ महिंद्रा की बड़ी तैयारी, दोगुना होगा EV प्रोडक्शन और लॉन्च होंगी नई...

महिंद्रा की बड़ी तैयारी, दोगुना होगा EV प्रोडक्शन और लॉन्च होंगी नई SUVs

Mahindra Vision.T

महिंद्रा अगले पांच सालों में अपनी इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन क्षमता दोगुनी करेगी, साथ ही कई नए मॉडल भी लॉन्च किए जाएंगे

महिंद्रा ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की पहली तिमाही की शुरुआत शानदार नतीजों के साथ की है। कंपनी को SUV और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की मजबूत बिक्री के साथ-साथ ट्रैक्टर कारोबार से भी अच्छा फायदा मिला है। इसके चलते कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा (Net Profit) सालाना आधार पर 34 फीसदी बढ़ गया है।

महिंद्रा के लिए इस तिमाही में भी SUV सेगमेंट सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन साबित हुआ है। कंपनी ने इस सेगमेंट में अपनी रेवेन्यू मार्केट हिस्सेदारी बढ़ाकर 25 फीसदी कर ली है। पहली तिमाही में महिंद्रा ने करीब 1.75 लाख SUV बेचीं, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 15 फीसदी ज्यादा हैं। वहीं, एसयूवी कारोबार से मिलने वाला राजस्व 24.4 फीसदी बढ़ा है।

इस बढ़ोतरी में Scorpio, Thar और XUV रेंज की लगातार मजबूत मांग का बड़ा योगदान रहा है। इसके साथ ही कंपनी की इलेक्ट्रिक एसयूवी लाइनअप को भी ग्राहकों का अच्छा समर्थन मिला है। महिंद्रा ने बताया कि XEV 9S बिक्री के मामले में भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल बन गई है। इससे कंपनी के INGLO प्लेटफॉर्म पर आधारित इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता का पता चलता है।

Mahindra XEV 9S (9)

फिलहाल महिंद्रा की कुल एसयूवी बिक्री में इलेक्ट्रिक SUV की हिस्सेदारी 12 फीसदी तक पहुंच गई है, जो उद्योग के औसत से काफी अधिक है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह अगले पांच वर्षों में अपनी इलेक्ट्रिक वाहन उत्पादन क्षमता दोगुनी करेगी। आने वाले समय में INGLO और नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित कई नए मॉडल लॉन्च किए जाएंगे।

महिंद्रा का फार्म इक्विपमेंट (ट्रैक्टर) कारोबार भी मजबूत रहा। पहली तिमाही में ट्रैक्टर से होने वाला राजस्व 19 फीसदी बढ़ा, जबकि बिक्री 18 फीसदी बढ़कर कंपनी की मार्केट हिस्सेदारी 44.9 फीसदी तक पहुंच गई। ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी मांग और सरकारी योजनाओं से किसानों की आय बढ़ने का फायदा कंपनी को मिला।

Mahindra Vision S

हालांकि, स्टील और अन्य कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण कंपनी पर लागत का दबाव बढ़ा। कमोडिटी लागत में करीब 400-500 बेसिस प्वाइंट की वृद्धि हुई, लेकिन महिंद्रा ने इसका अधिकांश बोझ ग्राहकों पर डालने के बजाय खुद उठाया। इसी वजह से कंपनी का स्टैंडअलोन ऑटोमोटिव ऑपरेटिंग मार्जिन पिछले साल के 8.9 फीसदी से घटकर 7.1 फीसदी रह गया।

महिंद्रा आने वाले समय में NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित Vision S कॉन्सेप्ट के प्रोडक्शन मॉडल को लॉन्च कर सकती है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक थार को लेकर भी चर्चा जारी है। कंपनी BE 07 पर भी काम कर रही है, जिसे अगले साल लॉन्च किया जा सकता है। वहीं Scorpio N समेत कई मॉडलों के फेसलिफ्ट और मिड-लाइफ अपडेट भी तैयार किए जा रहे हैं।