
महिंद्रा भारतीय बाजार में आने वाले वर्षों में अपने पोर्टफोलियो में इलेक्ट्रिक सहित कई नई एसयूवी जोड़ेगी
महिंद्रा ने इस साल BE 6, XEV 9e, फेसलिफ्टेड थार, फेसलिफ्टेड बोलेरो सीरीज़ और XEV 9S जैसे नए मॉडल लॉन्च कर भारतीय बाजार में जोरदार मौजूदगी दर्ज कराई है। अब कंपनी अगले तीन वर्षों में पांच और नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इनमें सबसे पहले महिंद्रा XUV 7XO आएगी, जो मौजूदा XUV700 का फेसलिफ्ट वर्जन होगी।
भारतीय बाजार में इसका डेब्यू 5 जनवरी 2026 को होगा और इसकी बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। इसमें नए और शार्प हेडलैंप, ज्यादा बोल्ड फ्रंट ग्रिल, XEV 9S जैसी टेललाइट्स शामिल होंगी। केबिन की बात करें तो XUV 7XO महिंद्रा की आईसीई रेंज में पहली ऐसी एसयूवी होगी, जिसमें ट्रिपल-स्क्रीन कॉकपिट लेआउट मिलेगा, जैसा कि पहले XEV 9S और XEV 9E इलेक्ट्रिक मॉडल्स में देखा गया है।
इसमें 5G कनेक्टिविटी, नया इंफोटेनमेंट इंटरफेस, एलेक्सा वॉइस सपोर्ट, बॉस मोड, नए एयर वेंट्स, बेहतर क्वालिटी इंटीरियर मैटीरियल, नया सेंटर कंसोल और बदला हुआ स्टीयरिंग व्हील मिलने की उम्मीद है। इसके बाद 2026 की शुरुआत में महिंद्रा XUV 3XO EV लॉन्च करेगी, जो XUV 3XO का पूरी तरह इलेक्ट्रिक वर्जन होगा। इसमें करीब 35 kWh की बैटरी दी जा सकती है। यह XUV400 से सस्ती होगी और टाटा नेक्सन EV को टक्कर देगी।

वहीं Scorpio N का फेसलिफ्ट भी आने की उम्मीद है और इसे कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। अपडेटेड स्कॉर्पियो N में नए डिजाइन वाले हेडलैंप और टेललैंप, 18-इंच के नए अलॉय व्हील और बड़ा 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है।
2027 में, महिंद्रा Vision.S कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन वर्जन लॉन्च कर करेगी। यह नई NU_IQ मोनोकॉक प्लेटफॉर्म पर आधारित एक कॉम्पैक्ट एसयूवी होगी, जिसमें बॉक्सी डिजाइन, दमदार लुक और ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस मिलेगा। यह XUV 3XO से ऊपर पोजिशन की जाएगी।

वहीं 2028 में, Vision.T कॉन्सेप्ट के प्रोडक्शन वर्जन के बाजार में आने की उम्मीद है। यह भी NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और थार रॉक्स का पूरी तरह इलेक्ट्रिक विकल्प बन सकती है। इसमें ऑल-टेरेन टायर्स, ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस, सीधा विंडस्क्रीन, ऊंची सीटिंग पोजिशन और डुअल-मोटर AWD का विकल्प मिलने की संभावना है, जो इसे ऑफ-रोडिंग के लिए बेहद सक्षम बनाएगा।