भारत में महिंद्रा 5-डोर थार 2023 की शुरुआत में हो सकती है लॉन्च

5-Door Mahindra Thar

भारत में 5-डोर महिंद्रा थार के 2023 में बिक्री पर जाने की उम्मीद है और मौजूदा मॉडल की तुलना में इसका व्हीलबेस बड़ा होगा

महिंद्रा ने हाल ही में देश में अपने भविष्य की योजनाओं की घोषणा की है, जिसके तहत कंपनी 2026 तक भारत में वाहनों की एक पूरी सीरीज को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। महिंद्रा की ओर से पेश की जा रही आगामी कारों में सबसे दिलचस्प 5-डोर वाली महिन्द्रा थार है। इसके अलावा महिंद्रा XUV700, नई जनरेशन स्कार्पियो, kuv100 इलेक्ट्रिक भी शामिल है। XUV700 का टीज़र अभियान पहले ही शुरू हो चुका है और आने वाले हफ्तों में इसकी वैश्विक शुरुआत होने की संभावना है।

बता दें कि पिछले साल अक्टूबर में कंपनी ने थार के दूसरे जेनरेशन को लॉन्च किया था और यह कंपनी के लिए एक सफल एसयूवी बनकर उभरी है। कई शहरों में इसकी वेटिंग लिस्ट कई महीने तक जा रही है। हालांकि यह एसय़ूवी ऑफ-रोडर ड्राइव पर केंद्रित है। नई थार को नए आर्किटेक्चर पर बनाया गया है और इसमें थ्री-डोर बॉडी स्टाइल को बरकरार रखा गया है।

इसलिए इसे फेमिली कारों के मुकाबले कम व्यवहारिक माना जा रहा है। ऐसे में 5-डोर थार खरीददारों के लिए एक व्यवहारिक विकल्प माना जा रहा है। भारतीय बाजार में इस नई एसयूवी को 2023 में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि अभी तक महिंद्रा ने विस्तारित व्हीलबेस वाली थार के बारे में किसी भी प्रकार का कोई विवरण नहीं दिया है। पाँच दरवाजों वाली महिंद्रा थार कुल मिलाकर लंबी होगी और इसका व्हीलबेस भी लंबा होगा।

Mahindra 5 Door Thar Rendering
Pic Source : SRK

फिलहाल दूसरे जनरेशन की थार को लेकर कई खरीददारों ने पिछली सीटों में कम जगह होने की शिकायत की है, लेकिन यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि महिंद्रा थार को ऑफ-रोडिंग करने के लिए डिज़ाइन किया गया है और इसके लिए एक छोटे व्हीलबेस की आवश्यकता होती है। इसलिए ऑफ रोडर कारें फेमिली कारों और दैनिक उपयोग के मुकाबले अव्यवहारिक होती हैं। यही वजह है कि कंपनी 5-डोर वाली थार को पेश करने की योजना बना रही है।

खबर यह भी है कि महिंद्रा अपने थार के ज्यादा किफायती वर्जन पर भी कार्य कर रही है, जो कि मौजूदा दौर में बिक्री के लिए उपलब्ध मॉडल की तरह सक्षम नहीं होगा। थार का यह नया वर्जन कथित तौर पर 1.5-लीटर डीजल इंजन से संचालित होगा, जो कि बोलेरो में भी ड्यूटी कर रहा है। इसे थार का लाइट वर्जन कहा जा रहा है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसका भी कोई विवरण नहीं दिया है।

हालांकि इसकी ऑफ-रोडिंग क्षमताओं में लंबे व्हीलबेस के प्रभाव का इंतजार करना होगा। हम इंजन में किसी भी बदलाव की उम्मीद नहीं करते हैं और इसमें 2.0-लीटर mStallion चार-सिलेंडर पेट्रोल और 2.2-लीटर mHawk चार-सिलेंडर डीजल इंजन का उपयोग किया जाएगा। अतिरिक्त वजन की भरपाई के लिए पावर में बदलाव किया जा सकता है। जहाँ तक ​​ट्रांसमिशन की बात है तो इसे सिक्स-स्पीड मैनुअल और सिक्स-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के विकल्प के रूप में पेश किया जा सकता है।