भारत में एलएमएल इलेक्ट्रिक स्कूटर के साथ करेगी अपनी वापसी

एलएमएल ने भारतीय दोपहिया बाजार में अपनी वापसी की घोषणा की है और यह संभवत: एक इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश करेगी, जिसका मुकाबला बजाज चेतक इलेक्ट्रिक से होगा

लोहिया मशीनरी लिमिटेड (एलएमएल) ने भारतीय दोपहिया बाजार में अपने वापसी की घोषणा की है और यहां कंपनी अपनी दूसरी पारी की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इन दिनों देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट का लगातार विस्तार हो रहा है। इसलिए इसी बात को ध्यान में रखते हुए एलएमएल ने घोषणा की है कि उसने भारत के ईवी दोपहिया सेगमेंट में प्रवेश करने के लिए एक व्यापक योजना तैयार की है। कंपनी बाजार में फिर से दमदार वापसी के लिए आधार तैयार कर रही है।

हालांकि कंपनी भारत में स्कूटर पेश करेगी या अन्य कोई वाहन पेश करेगी, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है, लेकिन एलएमएल का कहना है कि ब्रांड की वापसी बड़े निवेशों द्वारा समर्थित है। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा  है कि एलएमएल को विभिन्न टेक्नोलाजी कंपनियों से फिर से एक बार लोकप्रिय ब्रांड को पुनर्जीवित करने के प्रस्ताव मिले हैं। हालांकि अभी कंपनी ने किसी नाम का खुलासा नहीं किया है।

एलएमएल ने अभी स्पष्ट रूप से उस दोपहिया वाहन का ब्योरा देने से परहेज किया है, जिन्हें वह लॉन्च करना चाहती है, लेकिन कहा है कि यह अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा और इसे मिडिल क्लास व शहरी क्षेत्रों में लक्षित किया जाएगा। एलएमएल इलेक्ट्रिक के एमडी और सीईओ डॉ योगेश भाटिया ने कहा कि हम एक महत्वपूर्ण वापसी करने के लिए बेहद उत्साहित हैं और हम शहरी गतिशीलता सेगमेंट को सक्षम और मजबूत बनाने चाहते हैं।

डॉ योगेश भाटिया ने आगे कहा कि हम सर्वोत्तम तकनीक से लैस अत्यधिक नए उत्पादों को पेश करने और उसके विकास रणनीतियों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। हम बदलाव को बढ़ावा देने के लिए अपने प्रीमियम उत्पादों की रेंज के साथ अपर मिडिल क्लास और शहरी क्षेत्रों को सशक्त बनाना चाहते हैं।

बता दें कि 1972 में स्थापित एलएमएल ने दोपहिया क्षेत्र में अपनी यात्रा तब शुरू की थी, जब कानपुर (उत्तर प्रदेश) में अपने प्लांट में लाइसेंस के तहत अपने प्रतिष्ठित वेस्पा स्कूटर का उत्पादन करने के लिए इतालवी दोपहिया निर्माता पियाजियो के साथ करार किया था। बाद के वर्षों में एलएमएल ने अपने स्वयं के ब्रांड नाम के तहत कई स्कूटरों को शुरू किया था, जिसका मुकाबला बजाज चेतक स्कूटरों आदि से था।

हालांकि पियाजियो के साथ एलएमएल का हुआ करार 1999 में समाप्त हो गया, लेकिन ब्रांड ने अपने स्कूटर तकनीक के साथ वेस्पा से प्रेरित स्कूटरों का उत्पादन जारी रखा, लेकिन बाद के चरणों में कंपनी को काफी घाटा हुआ और अंततः 2017 में दिवालिया होने के लिए फाइल करना पड़ा। इस बीच बजाज चेतक ने जनवरी 2020 में ऑल-इलेक्ट्रिक स्कूटर के रूप में अपनी वापसी की है और अब ऐसा लग रहा है कि कंपनी जल्द ही अपने इसे पुराने प्रतिद्वंद्वी के मुकाबले बाजार में वापसी करेगी।