KYT R1R हेलमेट भारतीय बाजार में हुआ लॉन्च, कीमत 39,000 रुपये से शुरू

KYT R1R बाजार में एक प्रीमियम रेसिंग हेलमेट के रूप में आया है, जो उन राइडर्स के लिए है जिन्हें बेहतरीन परफॉर्मेंस, एडवांस सेफ्टी और असली रेसिंग टेक्नोलॉजी चाहिए

KYT Helmets ने अपना नया प्रीमियम फुल-फेस रेसिंग हेलमेट KYT R1R भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत 39,000 रुपये रखी गई है। यह हेलमेट कंपनी के MotoGP रेसिंग प्रोग्राम से मिले इनपुट के आधार पर तैयार किया गया है और खास तौर पर उन राइडर्स के लिए डिजाइन किया गया है जो हाई-परफॉर्मेंस, एडवांस सेफ्टी और रेसिंग-लेवल इंजीनियरिंग चाहते हैं।

KYT R1R को इटली में एडवांस डिजिटल टूल्स की मदद से डिज़ाइन और डेवलप किया गया है। इसे तीन साल से ज्यादा समय तक विंड टनल टेस्टिंग और रोड-ट्रैक वैलिडेशन से गुजारा गया है। इसका एयरोडायनामिक डिजाइन हाई-स्पीड पर स्टेबिलिटी बनाए रखने में मदद करता है, चाहे स्ट्रेट लाइन हो, तेज ब्रेकिंग या कॉर्नरिंग हो।

इस हेलमेट में ट्राइ-कॉम्पोजिट शेल दिया गया है, जिसमें कार्बन फाइबर, अरामिड फाइबर और फाइबरग्लास का इस्तेमाल हुआ है। यह इसे मजबूत होने के साथ हल्का भी बनाता है। इसके अंदर मल्टी-डेंसिटी EPS लाइनर दिया गया है, जो अलग-अलग इम्पैक्ट जोन में बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है। यह हेलमेट ECE 22.06 सेफ्टी स्टैंडर्ड को भी पूरा करता है, जो यूरोप का नया और सख्त सेफ्टी मानक है।

KYT R1R helmet (1)

KYT R1R का डिजाइन विंड टनल टेस्टिंग पर आधारित है, जिससे ड्रैग कम होता है और हाई-स्पीड स्टेबिलिटी बेहतर मिलती है। इसमें एडवांस वेंटिलेशन सिस्टम दिया गया है, जिसमें फ्रंट एयर इनटेक, रियर स्पॉइलर और Venturi-इफेक्ट सिस्टम के जरिए बेहतर एयरफ्लो और कूलिंग मिलती है।

हेलमेट के अंदर Hydrocool फैब्रिक का इस्तेमाल किया गया है, जो गर्मी और पसीने को जल्दी कम करता है और लंबे समय तक राइडिंग के दौरान आराम बनाए रखता है। इस हेलमेट में 210-डिग्री हॉरिजॉन्टल और 90-डिग्री वर्टिकल फील्ड ऑफ व्यू मिलता है, जिससे राइडर को बेहतर विजिबिलिटी मिलती है।

KYT R1R helmet (2)

वाइज़र में Optical Class 1 क्लैरिटी और रोटो-ट्रांसलेशन मैकेनिज्म दिया गया है, जो बेहतर सीलिंग सुनिश्चित करता है। इसमें मेटल एलॉय रेसिंग लॉक सिस्टम भी है, जो तेज रफ्तार में वाइज़र को सुरक्षित रखता है। KYT R1R के कलर ग्राफिक्स वेरिएंट की कीमत 39,000 रुपये है, जबकि कार्बन ग्राफिक्स और रेप्लिका वेरिएंट 43,500 रुपये में उपलब्ध हैं। यह हेलमेट देशभर के अधिकृत KYT डीलरशिप्स पर उपलब्ध है।