
KTM Duke 160 के नए वेरिएंट में 5 इंच का कलर TFT डिस्प्ले, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और इनकमिंग कॉल नोटिफिकेशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं
केटीएम ने भारत में 160 ड्यूक की रेंज को मजबूत करते हुए एक नया वेरिएंट पेश किया है, जिसमें अब फुल-कलर 5-इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। इस नए वेरिएंट की कीमत 1,78,536 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है, जबकि स्टैंडर्ड KTM 160 Duke 1,70,545 में उपलब्ध है और उसमें 5-इंच LCD डिस्प्ले मिलता है।
नया TFT डिस्प्ले वही यूनिट है जो लेटेस्ट KTM 390 Duke में देखने को मिलती है और इसमें बेहतर क्लैरिटी व मजबूती के लिए बॉन्डेड ग्लास दिया गया है। इसके साथ ही केटीएम ने नया स्विच क्यूब भी दिया है, जिसमें फोर-वे मेन्यू कंट्रोल हैं, जिससे राइडर हैंडलबार से ही मेन्यू और जरूरी फंक्शन्स को आसानी से एक्सेस कर सकता है।
कंपनी के अनुसार, इसका इंटरफेस यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। KTM My Ride ऐप के जरिए ब्लूटूथ से स्मार्टफोन कनेक्ट करने पर TFT डिस्प्ले टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, इनकमिंग कॉल अलर्ट और म्यूजिक कंट्रोल को सपोर्ट करता है। नेविगेशन से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर ही दिखाई देती है, जिससे फोन माउंट की जरूरत नहीं पड़ती है।

सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए चलते समय सिर्फ कॉल रिसीव या रिजेक्ट करने की सुविधा दी गई है, जबकि आउटगोइंग कॉल और कॉन्टैक्ट ब्राउज़िंग बंद रहती है। ब्लूटूथ हेलमेट हेडसेट के साथ म्यूजिक प्लेबैक भी संभव है और गाने बदलने या वॉल्यूम कंट्रोल जैसे ऑप्शन लेफ्ट-साइड स्विच से किए जा सकते हैं।
इस TFT इंटरफेस के जरिए सुपरमोटो ABS मोड भी मिलता है, जिसमें रियर व्हील पर ABS को बंद किया जा सकता है ताकि ट्रैक या सुपरमोटो-स्टाइल राइडिंग के दौरान कंट्रोल्ड स्लाइड संभव हो सके, जबकि फ्रंट ABS सक्रिय रहता है। डिस्प्ले को राइडर अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज भी कर सकता है, जैसे शिफ्ट RPM और लिमिट RPM सेट करना, जिसके बाद स्क्रीन डार्क और केटीएम के सिग्नेचर ऑरेंज थीम के बीच बदलती रहती है।

मैकेनिकल तौर पर KTM 160 Duke में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें 164.2 cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया गया है, जो 9,500 rpm पर 19 पीएस की पावर और 7,500 rpm पर 15.5 Nm का टॉर्क देता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। बाइक में स्प्लिट ट्रेलिस फ्रेम, WP Apex USD फ्रंट फोर्क्स, बायोनिक लाइट व्हील्स, 320 mm फ्रंट डिस्क और 230 mm रियर डिस्क के साथ स्टैंडर्ड डुअल-चैनल ABS दिया गया है।