नवंबर 2022 में महिंद्रा स्कॉर्पियो एन पर सबसे ज्यादा 24 महीने और टोयोटा हाइराइडर व मारूति ग्रैंड विटारा पर समान रूप से 5 महीने की प्रतीक्षा अवधि है
भारत में हाल के दिनों में मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट सबसे लोकप्रिय सेगमेंट बनकर उभरा है। खरीददार इन्हें प्रीमियम इंटीरियर और अच्छी व्यावहारिकता के कारण बहुत पसंद कर रहे हैं। इसी कड़ी में महिंद्रा भी भारत में एक प्रीमियम एसयूवी निर्माता है, जो अपनी अच्छी बिक्री संख्या का लाभ अपनी नई कारों के साथ उठा रही है।
हालाँकि मांग बढ़ने के कारण कारों की प्रतीक्षा अवधि में भी इजाफा देखा जा रहा है। लिहाजा हाल ही में लॉन्च हुई महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के Z6 और Z8 वैरिएंट की वेटिंग पीरियड की बात करें तो यह 24 महीने तक है, जबकि Z4 वेरिएंट के लिए 21 महीने का वेटिंग पीरियड है।
महिंद्रा ने 25,000 बुकिंग के पहले बैच के लिए Z8 L ट्रिम की डिलीवरी को प्राथमिकता दी है और ऑटोमैटिक वेरिएंट की प्रतीक्षा अवधि चार महीने से कम है। इसने प्रतीक्षा अवधि में बड़ी गिरावट देखी है, क्योंकि टॉप लेवल के ट्रिम्स ने अधिकांश बुकिंग प्राप्त किए हैं। देश के अधिकांश हिस्सों में महिंद्रा स्कॉर्पियो एन के Z8 L AT की प्रतीक्षा अवधि लगभग 17 महीने से घटाकर चार महीने कर दी गई है।
मॉडल | वेटिंग पीरियड |
1. महिंद्रा स्कॉर्पियो एन | 24 महीने तक |
2. महिंद्रा एक्सयूवी700 | 15 महीने तक |
3. हुंडई क्रेटा | 8 महीने तक |
4. महिंद्रा थार | 5 महीने तक |
5. मारुति ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाइराइडर | 5 तक महीने |
वहीं महिंद्रा एक्सयूवी700 की भी काफी ज्यादा प्रतीक्षा अवधि देखी जा सकती है। मोनोकोक चेसिस पर निर्मित एक्सयूवी700 के AX7 और AX7L टॉप-स्पेक वेरिएंट के लिए 15 महीने तक की प्रतीक्षा अवधि है। वहीं एक्सयूवी700 के एंट्री-लेवल एमएक्स ट्रिम के मालिक होने के इच्छुक खरीददारों को डीजल वर्जन के लिए 10 महीने तक का इंतजार करना होगा।
इसी प्रकार AX3 और AX5 डीजल ट्रिम्स में समान प्रतीक्षा अवधि है। हालाँकि MX और AX3 पेट्रोल ट्रिम्स की प्रतीक्षा अवधि 1-2 महीने है, जबकि AX5 के लिए यह 3 से लेकर 4 महीने तक है। भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली मिड साइज एसयूवी हुंडई क्रेटा की प्रतीक्षा अवधि आठ महीने तक है। खबरों की मानें तो पांच सीटों वाली इस हुंडई एसयूवी के फेसलिफ्टेड वर्जन को 2023 की शुरुआत में लॉन्च किया जाएगा।
नवंबर 2022 में महिंद्रा थार की प्रतीक्षा अवधि 5 महीने तक है, जबकि मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर के लिए चुने गए वेरिएंट के आधार पर पाँच महीने तक की प्रतीक्षा अवधि है। बता दें कि हाइराइडर और ग्रैंड विटारा दोनों ही कारें एक ही प्लेटफार्म पर आधारित हैं और इन्हें हाल ही में भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया है।